Last Updated: October 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

Haryana : फोन हैककर ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार

April 19, 2026

Haryana : फोन हैककर ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार

सोनीपत। साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। साइबर थाना पुलिस ने फोन हैक कर महिला के खाते से एक लाख 8 हजार 942 रुपये निकालने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

अजमेर और जयपुर से की गई गिरफ्तारी 

यह गिरफ्तारी अजमेर और जयपुर से की गई। रविवार को पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने कहा कि पुलिस उपायुक्त पश्चिम और साइबर कुशल पाल सिंह के नेतृत्व में साइबर थाना टीम ने कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीताराम और युवराज के रूप में हुई है। इसके बाद पुलिस प्रवक्ता रविंद्र सिंह ने बताया कि छह दिसंबर 2025 को महिला की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ था। महिला का खाता पंजाब नेशनल बैंक की मुडलाना शाखा में है। एक दिसंबर 2025 को खाते की जांच के दौरान उन्हें संदिग्ध लेनदेन का पता चला, जो उन्होंने नहीं किए थे।

फर्जी वेबसाइट और दस्तावेजों से खुलवाए खाते

शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने फोन हैक कर खाते से रकम निकाली। ठगों ने फर्जी वेबसाइट और दस्तावेजों के आधार पर बैंक खाते खुलवाए और उसी के जरिए ठगी को अंजाम दिया। संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। थाना साइबर के प्रबंधक निरीक्षक बसंत कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक नवीन, सहायक उप निरीक्षक विनीत, सिपाही विकास और मुख्य सिपाही प्रदीप की टीम ने तकनीकी जांच और छापेमारी के बाद दोनों आरोपियों को दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल मोबाइल फोन और 13 सौ रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा 13 हजार रुपये बैंक खाते में होल्ड करवाए गए हैं। रविवार को आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।

लोगों से पुलिस की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, कॉल या संदेश पर भरोसा न करें। निवेश या ट्रेडिंग से जुड़े प्रस्ताव की स्वयं जांच करें। केवल आधिकारिक प्लेटफॉर्म का उपयोग करें और ज्यादा मुनाफे के लालच में न आएं। साइबर ठगी की शिकायत के लिए हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें।

Also Read :

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें