Last Updated: November 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

कांग्रेस के जिला महासचिव की गाड़ी पर बाइक सवार दो युवकों ने किया हमला

November 30, 2026

कांग्रेस के जिला महासचिव की गाड़ी पर बाइक सवार दो युवकों ने किया हमला

घरौंडा/करनाल : कांग्रेस के जिला महासचिव सतीश राणा की स्कॉर्पियो गाड़ी पर बाइक सवार दो युवकों ने हमला कर दिया। घटना के समय गाड़ी में सतीश राणा का बेटा और पत्नी सवार थे। दोनों करनाल से अपने गांव केरवाली जा रहे थे। आरोप है कि कुटेल श्मशान घाट के पास युवकों ने गाड़ी के शीशे पर किसी भारी वस्तु से हमला किया। शीशा टूटने के बाद गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हमलावर जाते समय धमकी देकर गए कि यह तो अभी ट्रेलर है।

पुलिस ने बेटे की शिकायत पर दो अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सतीश राणा के अनुसार शनिवार रात उनका बेटा प्रणव और पत्नी परवीन राणा स्कॉर्पियो में करनाल से गांव केरवाली जा रहे थे। जब वे कुटेल से केरवाली रोड पर श्मशान घाट के नजदीक पहुंचे तो सामने से बाइक पर दो युवक आए। उन्होंने गाड़ी के शीशे पर किसी भारी चीज से हमला कर दिया। शीशा टूटने के बाद गाड़ी आगे जाकर पेड़ से टकरा गई।

आरोप है कि हमलावर मौके से भागते समय धमकी देकर गए कि यह तो अभी ट्रेलर है। सूचना मिलने पर सतीश राणा भी घटनास्थल पर पहुंच गए। सतीश राणा ने इस हमले के पीछे एक स्थानीय कांग्रेस नेता का हाथ होने का शक जताया है। उन्होंने घटना के दौरान हवाई फायरिंग होने की बात भी कही, हालांकि मौके से कोई खोल बरामद होने की जानकारी नहीं मिली।

सूचना मिलने पर मधुबन पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर थाने ले गई। संबंधित नेता ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि वे ऐसी घटिया हरकत नहीं कर सकते। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि आरोप साबित हो जाएं तो उनकी सरेआम गर्दन कटवा दी जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि सतीश राणा के आरोप झूठे साबित होते हैं तो उन्हें भी यह बताना होगा कि कौन सही और कौन गलत है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें