Site icon Dainik Savera Times

केंद्रीय गृह मंत्री ने पुलिस जवानों के लिए नहीं की कोई घोषणा: कुमारी सैलजा

चंडीगढ़: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने अमित शाह के हरियाणा दौरे पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री ने अपने दौरे में हरियाणा के पुलिसकर्मियों को निराश किया है। आज हरियाणा प्रदेश में हजारों की संख्या में पद रिक्त पड़े हुए हैं। साथ ही पुलिसकर्मियों को मिलने वाली राशन मनी भी ऊंट के मुंह में जीरा समान है। जारी बयान में कुमारी सैलजा ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री करनाल में पुलिस जवानों को राष्ट्रपति बैज देने के साथ-साथ पुलिस जवानों की मांगों को पूरा करने के लिए कोई घोषणा करते, लेकिन उन्होंने पुलिस के जवानों की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया।

पुलिस विभाग में सिपाही से लेकर इंस्पेक्टर रैंक तक के लिए आज भी पेट भरने के लिए रोजाना डाइट के लिए सिर्फ 20 रुपये मिलते हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि 20 रुपये के सरकारी भत्ते में हरियाणा पुलिस के जवान कैसे अपना पेट भरेंगे। महंगाई के दौर में 20 रुपये में प्रतिदिन कैसे पुलिस के जवान खाना खाएंगे और कैसे भरपेट अपनी ड्यूटी करेंगे, इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। आज हरियाणा प्रदेश में 30 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों के पद रिक्त पड़े हैं। मगर सरकार इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रही है। हरियाणा के पुलिस कर्मियों को वेतन भी बेहद कम दिया जा रहा है। सरकार खोखले प्रचार की बजाय हरियाणा पुलिस के जवानों को उनका हक प्रदान करे।

Exit mobile version