Last Updated: October 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

करनाल को झकझोर गई विनय नरवाल की दुखद मृत्यु

April 24, 2025

करनाल को झकझोर गई विनय नरवाल की दुखद मृत्यु

करनाल: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में मंगलवार को हुए एक दिल दहला देने वाले आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। पर्यटकों के बीच लोकप्रिय बैसरन घाटी में आतंकियों ने अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें भारतीय नौसेना के 26 वर्षीय लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की जान चली गई। बुधवार को करनाल में उनका अंतिम संस्कार हुआ जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी अंतिम विदाई देने पहुंचे। बता दें कि विनय पर हमला उस समय हुआ जब विनय अपनी नवविवाहिता पत्नी हिमांशी के साथ हनीमून के लिए पहलगाम आए थे। हरियाणा के करनाल जिले के भूसली गांव के रहने वाले विनय नरवाल ने दो साल पहले भारतीय नौसेना में अपनी सेवाएं शुरू की थी।

वर्तमान में वे केरल के कोच्ची में तैनात थे। उनकी शादी 16 अप्रैल 2025 को हुई थी और यह जोड़ा अपनी नई जिंदगी की शुरूआत के लिए पहलगाम की खूबसूरत वादियों में समय बिता रहा था लेकिन आतंकियों ने उनके सपनों को चकनाचूर कर दिया। जानकारी के अनुसार करनाल के रहने वाले 26 वर्षीय विनय नरवाल नौ सेना में लेफ्टिनेंट था और उसकी पोस्टिंग केरल के कोच्ची में थी लेकिन 6 अप्रैल को उसकी शादी हुई थी, जिसके बाद वो पहलगाम गया था। इस दौरान आंतकियों के निशाने पर आ गया और मौके पर ही दम तोड़ दिया। विनय की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया। उनके परिजन तुरंत श्रीनगर के लिए रवाना हो गए। करनाल के सेक्टर 7 में रहने वाले विनय के परिवार को अभी भी इस सदमे से उबरने में वक्त लगेगा।

स्थानीय लोग और पड़ोसी भी इस घटना से स्तब्ध हैं और विनय को एक होनहार और देशभक्त युवा के रूप में याद कर रहे हैं। विनय के घर नेताओं के आने का सिलसिला जारी है। इस बीच सीएम नायब सैनी और विधानसभा अध्यक्ष ने उनके परिजनों को सांत्वना दी। बुधवार शाम को उनका करनाल मॉडल टाउन स्थित शिवपुरी में विनय का अंतिम संस्कार हुआ। हरियाणा विधानसभा के स्पीकर हरविंद्र कल्याण लेफ्टिनेंट विनय के घर पहुंचकर शोक जताया। इसके बाद वीडियो कॉल के जरिए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भी विनय के दादा से बात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बुजदिल और घिनौने कृत्य को अंजाम देने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्हें किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

आतंक के खिलाफ हमारी लड़ाई अडिग और अटल है। पहलगाम में कल (22 अप्रैल) को आतंकी हमले के बाद हिमांशी ने ही खुलासा किया था कि आतंकियों ने नाम पूछकर गोली मारी। हिमांशी ने आगे कहा था कि मंगलवार को जब वे बैसरन घाटी में घूम रहे थे, उसी दौरान आतंकियों ने विनय पर फायरिंग कर दी। जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि वह सुरक्षित है। घटना पर नौसेना की तरफ से कहा गया, भारतीय नौसेना लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की दुखद क्षति से स्तब्ध और दुखी हैं, जो पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में शहीद हो गए। इस दुख की घड़ी में हम उनके परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को आतंकियों ने जिन टूरिस्ट की हत्या की, उनमें हरियाणा के करनाल के रहने वाले नेवी के लेफ्टिनेंट विनय नरवाल भी थे। वह 3 साल पहले ही नेवी में भर्ती हुए थे। उनकी 7 दिन पहले ही मसूरी में डेस्टिनेशन वेडिंग हुई थी।

इसके बाद वह पत्नी हिमांशी के साथ हनीमून मनाने के लिए पहलगाम गए थे। दादा हवा सिंह ने बताया कि पहले विनय-हिमांशी हनीमून मनाने के लिए यूरोप जा रहे थे। लेकिन जब उन्हें वीजा नहीं मिला तो वे जम्मू-कश्मीर चले गए। दादा हवा सिंह ने कहा कि यदि उनका यूरोप का वीजा लग जाता तो पोता विनय आज हमारे बीच होता। लेफ्टिनेंट विनय का 8 दिन बाद 1 मई को जन्मदिन भी था। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण, विधायक जगमोहन आनंद और विधायक योगेंद्र राणा भी विनय नरवाल के निवास पर दु:ख व्यक्त करने पहुंचे। उन्होंने परिवार को हर सम्भव मदद करने का आश्वासन देते हुए कहा कि इस दु:ख की घड़ी में सरकार उनके साथ है। विधायक जगमोहन आनंद ने फोन से पूर्व मुख्यमंत्री और केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल की बात परिजनों से करवाई। मनोहर लाल ने परिवार को ढांढस बंधाया।

ये भी पढ़ें- पाकिस्तान के बयान से बढ़ा तनाव, इजराइल को ‘कैंसर’ कहने पर बवाल

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें