Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

AAP सरकार बनने पर 2024 में पहली कलम से लागू करेंगे ओल्ड पेंशन स्कीम: अनुराग ढांडा

February 19, 2023

AAP सरकार बनने पर 2024 में पहली कलम से लागू करेंगे ओल्ड पेंशन स्कीम: अनुराग ढांडा

चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा ने चंडीगढ़ में कर्मचारियों पर वॉटर कैनन, आंसू गैस और लाठी चार्ज की कड़े शब्दों में आलोचना की है। उन्होंने कहा है कि ओल्ड पेंशन स्कीम प्रदेश के कर्मचारियों का हक है। खट्टर सरकार का अपने कर्मचारियों के प्रति ये व्यवहार अमानवीय है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में कर्मचारियों के प्रति चुनी हुई सरकार का ये व्यवहार उचित नहीं है।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा ने कहा कि सरकारी कर्मचारी 30 साल तक विभागों में काम करते हैं। रिटायरमेंट के समय सरकार इन्हें 3-4 हजार की पेंशन देकर ही अपना पल्ला झाड़ लेती है। सरकारी कर्मचारी अपना जीवन सरकार के लिए काम करने में व्यतीत कर देते हैं। इसलिए हर एक सरकारी कर्मचारी ओल्ड पेंशन स्कीम का हकदार है।

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार में ही सबसे पहले देश भर में न्यू पेंशन स्कीम लागू हुई थी। उनके ही राज में हरियाणा में न्यू पेंशन स्कीम आई थी। वहीं जहां बीजेपी की सरकार, वहां बीजेपी ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करने से परहेज कर रही है। वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब में ओल्ड पेंशन स्कीम लागू कर दी है। जिस दिन हरियाणा में आम आदमी पार्टी की सरकार आएगी, हरियाणा में पहली कलम से ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करेंगे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि या तो खट्टर सरकार कर्मचारियों को उनका हक दे, अन्यथा आम आदमी पार्टी 2024 में सभी कर्मचारियों की मांग को पूरा करेगी।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें