Site icon Dainik Savera Times

यमुनानगर: पारिवारिक रंजिश में युवक की मौत, भतीजे पर हत्या का केस; आरोपी फरार

यमुनानगर। थाना छप्पर के गांव तलाकौर में पारिवारिक विवाद ने एक और जान ले ली। गुरुवार को घर में हुए विवाद और हमले के बाद घायल हुए अवतार सिंह (40) की शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने उसके भतीजे सुखजीत उर्फ डिंपल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद आरोपी फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।

ये भी पढ़ें: हिसार जिले के गांव में मजदूर महिला से दुष्कर्म, आरोपी पर केस दर्ज

परिजनों के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे अवतार सिंह अपने माता-पिता के साथ घर पर मौजूद था। इसी दौरान रिश्तेदार गुरदेव सिंह का बेटा सुखजीत उर्फ डिंपल हाथ में डंडा लेकर घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। मना करने पर उसने अवतार के सिर पर डंडे से प्रहार कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे सुरेंद्र सिंह की बांह पर भी चोट आई।

परिवार का कहना है कि पहली घटना के तुरंत बाद आरोपी वहां से चला गया, लेकिन थोड़ी देर बाद फिर से कृपाण लेकर लौट आया और अवतार सिंह की जांघ पर दो वार किए। इससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। परिजनों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घायल को सरस्वती नगर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया और उसे घर भेज दिया।

रात में अवतार अपने कमरे में सो गया था। शुक्रवार सुबह छह बजे जब उसके पिता सुरेंद्र सिंह उसे उठाने गए, तो वह मृत अवस्था में मिला। घटना ने पूरे परिवार को गहरा सदमा दिया है। सुरेंद्र सिंह के अनुसार, उनके चार बेटों में से तीन पहले बीमारी के कारण गुजर चुके हैं और अब अवतार की मौत के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया है। अवतार अविवाहित था और खेती का काम संभाल रहा था।

थाना प्रभारी सुमित कांबोज ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक रंजिश कारण प्रतीत हो रही है। आरोपी सुखजीत के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे जल्द गिरफ्तार करने के लिए टीमों को भेजा गया है।

Exit mobile version