Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

सढौरा में युवक पर तेजधार हथियारों से कातिलाना हमला, कई आरोपी नामजद

November 21, 2025

सढौरा में युवक पर तेजधार हथियारों से कातिलाना हमला, कई आरोपी नामजद

यमुनानगर के सढौरा क्षेत्र में कनीपला गांव के युवक सचिन पर देर रात कई युवकों ने घेरकर तेजधार हथियारों और डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने सागर उर्फ माडी, विशाल सैनी, साहिल आहूजा, गोल्डी राणा, लक्ष्मी, ज्ञानी और भोगपुर के साहिल पंडित के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें: करनाल में अवैध कॉलोनियों का धंधा तेज, कॉलोनाइजर दे रहे निर्माण की गारंटी

शिकायत के अनुसार 16 नवंबर की रात सचिन भोजन के बाद शिव मंदिर के पास टहल रहा था। उसी समय सागर ने फोन कर उसके दोस्त विक्की के बारे में पूछताछ की। सचिन ने जानकारी न होने की बात कही तो थोड़ी देर में सागर अपने साथियों के साथ आठ बाइक पर वहां पहुंच गया और विवाद शुरू कर दिया।

पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने उसे “विक्की का साथ देने” का आरोप लगाकर अचानक चारों ओर से घेर लिया। इसके बाद तेजधार हथियारों, लोहे की रॉड और डंडों से उसके सिर, टांग और बाजू पर कई बार वार किए। हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि वह वहीं गिर पड़ा, जिसके बाद सभी आरोपी हथियारों सहित भाग निकले।

परिजन उसे तुरंत सीएचसी ले गए, जहां स्थिति गंभीर देखकर उसे उच्च स्तरीय उपचार के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विशेष टीम बनाकर छापेमारी शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में घटना को पहले से रची साजिश माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें: हिसार में दो भाइयों को अफीम व डोडा पोस्त तस्करी में सजा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें