नेशनल डेस्क। गुरुग्राम के उद्योग विहार इलाके के डूंडाहेड़ा गांव से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां 26 साल की युवती अंगूरी की लाश उसके ही कमरे में बिस्तर के नीचे सड़ी-गली हालत में मिली। पड़ोसियों ने कमरे से तेज बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा बाहर से बंद पाया और अंदर जाकर देखा तो युवती की लाश सड़ चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामला हत्या (मर्डर) का बताया जा रहा है। पुलिस को शक है कि युवती की गला घोंटकर हत्या की गई और बाद में शव को बिस्तर के नीचे छिपा दिया गया। फिलहाल, पुलिस युवती के लिव-इन पार्टनर अनुज की तलाश में जुटी है, जो एक हफ्ते से गायब है।
सीसीटीवी और कॉल रिकॉर्ड से सुराग
पुलिस को घर का दरवाज़ा बाहर से बंद मिला। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मृतका के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड की जांच कर रही है। हालांकि, लाश के सड़ जाने के कारण गला घोंटने या चोट के निशान साफ नहीं मिले हैं।
मृतका की ये हुई पहचान
मृतका का नाम अंगूरी बताया गया है। वह बिहार की रहने वाली थी और गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में नौकरी करती थी। पहले उसकी शादी हो चुकी थी, लेकिन ससुराल वालों से विवाद होने के बाद वह पति से अलग रह रही थी। उसका पति नोएडा में काम करता है और बसई गांव का रहने वाला है।
डेढ़ साल से लिव-इन में रह रही थी
अंगूरी करीब डेढ़ साल से अनुज नाम के शख्स के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। दोनों पहले किसी और जगह रहते थे, लेकिन 20 दिन पहले डूंडाहेड़ा के इस कमरे में किराए पर रहने आए थे। 20 अक्टूबर से ही वह यहां रह रही थी।
आखिरी बार 31 अक्टूबर को देखी गई
पड़ोसियों के अनुसार, अंगूरी को आखिरी बार 31 अक्टूबर को देखा गया था। वह सुबह 9 बजे काम पर गई थी और शाम 7 बजे घर लौटी थी। शक है कि 31 अक्टूबर की रात को ही अनुज ने उसकी हत्या की और कमरे को बंद करके फरार हो गया।
कॉल डिटेल से खुलासा
पुलिस की जांच में पता चला है कि 31 अक्टूबर से 1 नवंबर की रात को ही अंगूरी की अनुज से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। इसके बाद से अनुज का फोन बंद है और उसका कोई पता नहीं चल पाया है।
परिवार की तलाश में पुलिस जुटी
मृतका का परिवार फिलहाल संपर्क में नहीं है। पुलिस को जानकारी मिली है कि उसका परिवार कापसहेड़ा इलाके में रहता है। एक पुलिस टीम परिवार को ढूंढने और बयान लेने की कोशिश कर रही है।
फिलहाल जांच जारी
पुलिस ने उद्योग विहार थाने में हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और लिव-इन पार्टनर अनुज की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।
ये भी पढ़ेंः PM Modi से मिलीं चैंपियन बेटियां, जानें PM ने वर्ल्ड चैंपियन बेटियों से क्या-क्या बातें की, देखें वीडियो

