Site icon Dainik Savera Times

पढ़ाई अधूरी पर सपने पूरे : ‘तेरा क्लबा में डांस चाल्लै है’ से धूम मचा रहे राकेश

haryanvi Musician Rakesh, Tera Klub Mein Dance Challe Hai

haryanvi Musician Rakesh, Tera Klub Mein Dance Challe Hai

Haryanvi Musician Rakesh, Tera Klub Mein Dance Challe Hai : सोनीपत। नौवीं कक्षा के बाद आर्थिक तंगी ने राकेश माजरिया की पढ़ाई भले ही छीन ली, लेकिन उनके सपनों की उड़ान नहीं रोक सकी। सोनीपत के छोटे से गांव रतनगढ़ माजरा से निकलकर राकेश ने अपनी कलम के दम पर हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में ऐसी पहचान बनाई कि आज उनके लिखे गीतों पर लाखों लोग झूम रहे हैं।

इन गीतों से मचा रहे देशभर में धूम

सोशल मीडिया से लेकर शादी समारोहों तक धूम मचा रहे उनके गाने अब बॉलीवुड का भी ध्यान अपनी ओर खींच रहे हैं। आज उनके गीतों पर उत्तर भारत के कई राज्यों में लोग झूमते नजर आते हैं। रतनगढ़ माजरा निवासी राकेश माजरिया का लिखा गाना ‘तेरा क्लबा में डांस चाल्लै है। इन दिनों सोशल मीडिया और शादी समारोहों में खूब छाया है। करीब एक महीने पहले यूट्यूब पर रिलीज हुए इस गाने को अब तक करोड़ों लोग देख चुके हैं। वहीं, उनके गाए भिरड़ लड़ गई, मेरा होग्या बीपी हाई, उड़ जाए रै कबूतर, उड़ जाइए रै भी शादी-ब्याह में खूब बजाए जा रहे हैं।

सफल गीतकारों की सूची में राकेश

इसके अलावा भी राकेश माजरिया ने हरियाणवी संगीत जगत को कई सुपरहिट गीत दिए हैं। इनमें ‘ओल्हा’, ‘काला टीका’, ‘जाऊंगी पानी नै’,‘काले हो काले हो’, जैसे गीत शामिल हैं। उनके लिखे गीतों की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गांवों से लेकर शहरों तक होने वाले समारोहों में उनके गाने लगातार सुनाई देते हैं। आज राकेश माजरिया हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री के सफल गीतकारों में गिने जाते हैं गीतों की सफलता ने उन्हें नई पहचान दी तो उन्होंने अपनी अधूरी पढ़ाई भी पूरी की। उनका सपना बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाना है।

गामा आले से मचाई धूम, ये था पहला गीत

राकेश माजरिया का सफर आसान नहीं रहा। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी। उनके पिता पेट्रोल पंप पर नौकरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। भाई-बहनों में सबसे बड़े होने के कारण राकेश ने कम उम्र में ही परिवार की जिम्मेदारियां अपने कंधों पर उठा लीं। आर्थिक मजबूरियों के चलते उन्हें नौवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़नी पड़ी और परिवार की मदद के लिए छोटी-मोटी नौकरियां करनी शुरू कर दीं। हालांकि, संघर्षों के बीच भी उन्होंने अपने सपनों को मरने नहीं दिया। नौकरी के साथ-साथ वह गीत लिखते रहे। उनकी किस्मत उस समय बदली जब उनका पहला गीत ‘गामा आले’ लोगों के बीच लोकप्रिय हुआ।

जल्द ही फिल्मों में सुने जाएंगे गीत

इसके बाद सफलता का सिलसिला शुरू हो गया और राकेश ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। हाल ही में राकेश को बॉलीवुड में भी बड़ा अवसर मिला है। उन्हें यशराज फिल्म्स की ओर से एक फिल्म के लिए गीत लिखने का प्रस्ताव मिला है। इस संबंध में वह मुंबई जाकर फिल्म निर्माण टीम से मुलाकात भी कर चुके हैं। राकेश का कहना है कि यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो वह जल्द ही फिल्म के लिए गीत लिखते नजर आएंगे।

Also Read :

Exit mobile version