Mumbai Rain: मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। रविवार को तेज बारिश के बीच शहर के अलग-अलग इलाकों में कई दर्दनाक हादसे हुए। सबसे बड़ा हादसा मानखुर्द इलाके में हुआ, जहां एक तीन मंजिला चॉल का हिस्सा ढह गया। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। इसके अलावा पेड़ गिरने और इमारत की ग्रिल टूटकर गिरने की अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की जान चली गई। खराब मौसम के कारण मुंबई एयरपोर्ट पर भी करीब एक घंटे तक उड़ानों का संचालन रोकना पड़ा।
रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे मानखुर्द के मंडाला इलाके में हनुमान मंदिर के पीछे स्थित जनता नगर की तीन मंजिला चॉल का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय कई लोग इमारत के अंदर मौजूद थे, जिससे अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और अन्य बचाव एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, हादसे में छह लोगों की मौत हुई है। मृतकों में चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। एक घायल व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा है। बचाव दल को आशंका है कि मलबे में अभी भी एक व्यक्ति फंसा हो सकता है, इसलिए देर रात तक रेस्क्यू अभियान जारी रहा।
फुटपाथ पर गिरी ग्रिल गिरने से युवक की मौत
नवी मुंबई में रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे एक और दुखद हादसा हुआ। एक इमारत की दीवार से जुड़ी लोहे की ग्रिल अचानक टूटकर फुटपाथ पर गिर गई। उसी समय वहां से गुजर रहा एक युवक इसकी चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, इस इमारत के स्ट्रक्चरल ऑडिट के लिए पहले ही नोटिस जारी किया गया था, लेकिन भवन मालिक ने आवश्यक मरम्मत नहीं कराई। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि यही लापरवाही हादसे की वजह बनी।
कुर्ला में पेड़ गिरने से बुजुर्ग की मौत
भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण कुर्ला पश्चिम के नौपाड़ा इलाके में एक बड़ा पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ पास की एक दुकान पर गिरा, जहां 63 वर्षीय यूनुस कुंदावाला मौजूद थे। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह एक सप्ताह के भीतर पेड़ गिरने से हुई तीसरी बड़ी मौत है। इससे पहले गोरेगांव की आरे कॉलोनी में एक युवक की पेड़ की शाखा गिरने से मौत हुई थी। वहीं, 30 जून को चेंबूर में स्कूल बस पर पेड़ गिरने से एक 11 वर्षीय छात्र की जान चली गई थी और कई अन्य बच्चे घायल हुए थे।
रविवार सुबह से ही मुंबई और उसके उपनगरों में लगातार बारिश होती रही। शाम होते-होते बारिश और तेज हो गई, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। नगर निगम के अनुसार, सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक दक्षिण मुंबई में 51 मिमी, पूर्वी उपनगरों में 72 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 71 मिमी बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण कई सड़कों पर पानी भर गया और लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
एयरपोर्ट पर भी पड़ा असर
खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानों का संचालन करीब एक घंटे तक प्रभावित रहा। मौसम सामान्य होने के बाद सेवाएं दोबारा शुरू की गईं।
मौसम विभाग की चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों के दौरान मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। साथ ही 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।
बीएमसी ने बताया कि रविवार को उसे पेड़ या शाखाएं गिरने की 203 शिकायतें मिलीं। इसके अलावा शॉर्ट सर्किट की आठ घटनाएं और मकान या दीवार गिरने की 15 शिकायतें भी दर्ज की गईं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने और सुरक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...