ट्रक और पिकअप की हुई जबरदस्त टक्कर, 4 लोगों की मौत, 1 घायल
December 11, 2023
जयपुरः राजस्थान के बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार रात को एक ट्रक और पिकअप की भिड़ंत में चार लोगों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस अधिकारी अशोक बिश्नोई ने बताया कि जयपुर बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सतलेरा और बीग्गा गांव के पास एक ट्रक और पिकअप में आमने-सामने की भिड़ंत में पिकअप में सवार रामचंद्र (40), भंवर पुरोहित (60), रमेश माली (35) और हरिराम (32) की मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।
उन्होंने बताया कि पिकअप में सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक व्यक्ति की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस अधिकारी ने बताया सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद चारों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। उन्होंने बताया कि पिकअप सवार सभी लोग हलवाई का काम करते थे। इस संबंध में ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके पुलिस घटना की जांच कर रही है।