अंबाला। प्रदेश के लगभग सभी जिलों में बारिश होने के कारण पारा नीचे आ गया है। इससे लोगों को गर्मी से भी राहत मिली है। बता दें कि इस बारिश का कारण पश्चिमी विक्षोभ का सक्रिय होना था। सोमवार को यमुनानगर और हिसार में अच्छी बारिश हुई।
आम आदमी को राहत, किसानों को परेशानी
इस बारिश की वजह से आम आदमी को राहत मिली तो किसानों और आढ़तियों को समस्याओं का सामना करना पड़ा। मंडी में रखा सरसों और गेहूं भीग गया। मंडियों में इसे बचाने के लिए पर्याप्त बारदाना नहीं था। मंगलवार को भी 11 जिलों में वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया गया है। छह मई तक वर्षा की चेतावनी दी गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर आने वाले दो से तीन दिन तक बना रहेगा। बीच में फिर से मौसम साफ होने से तापमान बढ़ने की उम्मीद है।
करनाल में हुई सबसे ज्यादा बारिश
मगर उसके बाद फिर से वर्षा की संभावना बनी हुई है। रविवार शाम को भी अचानक से मौसम में बदलाव हुआ और रात आठ बजे के बाद तेज वर्षा शुरू हुई। सबसे ज्यादा करनाल में वर्षा का रिकार्ड दर्ज किया गया। उसके साथ प्रदेश के 17 जिलों में वर्षा होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। तापमान नीचे गिर कर 30 डिग्री के आस पास पहुंच गया है। इसी प्रकार रात का तापमान भी 20 डिग्री के आस पास पहुंच गया है। मौसम विज्ञानियों ने अब आने वाले दिनों में भी वर्षा की चेतावनी जारी की है।
इन इलाकों में हुई तेज बारिश
यदि बात करें मौसम विभाग की तो इसने एक बार फिर से हरियाणा में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। ताजा जारी रिपोर्ट के मुताबिक हिसार, फतेहाबाद, कैथल, जींद, सिरसा, कुरुक्षेत्र और अंबाला में बारिश, तूफान और ओलावृष्टि की संभावना है। इन सात जिलों में तेज हवाएं चल सकती हैं। हरियाणा में बारिश के चलते तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की है। सोमवार रात को हिसार के कई इलाकों जैसे आदमपुर, अग्रोहा, बरवाला, किरमारा और खेदड़ में तेज बारिश हुई। इसके अलावा सिरसा और फतेहाबाद में भी हल्की बारिश देखने को मिली, जिससे पूरे प्रदेश में मौसम ठंडा बना हुआ है।
आज और कल बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने हरियाणा के लिए आज और कल यानी 5 और 6 मई के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इसका मतलब है कि आने वाले समय में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि हो सकती है। पिछले 24 घंटों के आंकड़े भी इसी ट्रेंड को दिखाते हैं। सबसे ज्यादा बारिश करनाल में 60.5 मिमी रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा यमुनानगर में 38.5 मिमी, हिसार में 32.6 मिमी और जींद में 19.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे साफ है कि पूरा प्रदेश मौसम के असर में है।
Also Read :
Also Read :
Also Read :
Also Read :

