नेशनल डेस्क: राजधानी दिल्ली में एक बार फिर तेज रफ्तार का खौफनाक चेहरा सामने आया है। पश्चिमी दिल्ली के सुभाष नगर इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में जोमैटो का एक डिलीवरी बॉय अपनी जान गंवा बैठा। यह हादसा शनिवार, 21 फरवरी की तड़के करीब 3 बजे हुआ।
जानकारी के मुताबिक, डिलीवरी बॉय अपनी बाइक से जा रहा था। तभी पीछे से तेज गति से आ रही एक कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार चालक नशे की हालत में था और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। तेज रफ्तार के कारण चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और उसने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद घायल डिलीवरी बॉय को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सुभाष नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी चालक को पकड़ लिया गया। आरोपी की पहचान मोहित के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह किसी शादी समारोह से लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस मृतक की पहचान की पुष्टि करने और उसके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया में जुटी है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को भी जब्त कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।