शिमला: जिला शिमला के रोहड़ू में मंदिर परिसर की पार्किंग से देवदार की लकड़ी के 20 स्लीपर चोरी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी जम्मू-कश्मीर के जिला कठुआ के रहने वाले हैं। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर चोरी की इस वारदात का पर्दाफाश किया है।
जानकारी के अनुसार, मामला देवता महेश्वर महाराज मंदिर परिसर, समरकोट पुजारली की पार्किंग से देवदार की लकड़ी के 20 स्लीपर चोरी होने से जुड़ा है। यह वारदात 23 और 24 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि को अंजाम दी गई थी। अज्ञात व्यक्ति मंदिर परिसर की पार्किंग में रखे देवदार के 20 स्लीपर चोरी कर ले गए थे। घटना के संबंध में पुलिस थाना रोहड़ू में 26 नवंबर 2026 को अभियोग संख्या 128/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(a) और 3(5) में मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रोहड़ू पुलिस ने जांच तेज की और आरोपियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। पुलिस टीम ने CRD, CCTV फुटेज और डंप डेटा का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चोरी की वारदात में संलिप्त तीन लोगों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शब्बीर अहमद (26), रफाकत अली (25) और शब्बीर अहमद (31), तीनों निवासी जिला कठुआ, जम्मू-कश्मीर को 27 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद अब माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में पुलिस की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि चोरी की वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया और इसमें अन्य कोई व्यक्ति शामिल तो नहीं था। मंदिर परिसर से देवदार की लकड़ी के 20 स्लीपर चोरी होने के मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस की अहम कामयाबी माना जा रहा है।
📍 Location: शिमला (शिमला)