Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

तारादेवी में कार से 20 ग्राम चिट्टा बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार

October 19, 2026

तारादेवी में कार से 20 ग्राम चिट्टा बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार

शिमला: राजधानी शिमला में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस की स्पेशल सेल ने तारादेवी क्षेत्र में एक कार से करीब 20 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 अक्टूबर को स्पेशल सेल शिमला की टीम को तारादेवी क्षेत्र में नशे से संबंधित गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए संबंधित क्षेत्र में एक कार को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से करीब 20 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने कार में सवार तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज कुमार (20), निवासी चक्कर, शिमला; लखविन्द्र सिंह (36), निवासी तारादेवी, शिमला, मूल निवासी होशियारपुर, पंजाब; और सौरव कश्यप (29), निवासी झालगी, तारादेवी, शिमला के रूप में हुई है।

पुलिस ने इस मामले में पुलिस थाना बालूगंज में अभियोग संख्या 220/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और क्या इस मामले में नशे की आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों की भी संलिप्तता है।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें