
सोलन: जिला पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शामती के समीप दो व्यक्तियों को 54 ग्राम से अधिक चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नशीला पदार्थ बरामद करने के साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही गाड़ी को भी जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद पांच दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 और 17 अक्टूबर की मध्यरात्रि को जिला सोलन पुलिस की विशेष जांच इकाई (SIU) की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर शामती के समीप नाकाबंदी की थी। इस दौरान पुलिस टीम ने एक फोर्ड फिगो एस्पायर गाड़ी को जांच के लिए रोका। गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से 54 ग्राम से अधिक चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई।
इसके बाद पुलिस ने दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरजीत सिंह उर्फ नवी (35), पुत्र जसबीर सिंह, निवासी गांव लोहरा, तहसील डाबा, जिला लुधियाना, पंजाब और रवि (29), पुत्र कुलजीत सिंह, निवासी गांव खान अहमदपुर, डाकघर डीण, तहसील बराड़ा, जिला अंबाला, हरियाणा के रूप में हुई है।
मामले में पुलिस थाना सदर सोलन में 17 अक्टूबर 2026 को एफआईआर संख्या 230/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 में अभियोग दर्ज किया गया है। जांच के दौरान संबंधित गाड़ी को भी जब्त कर पुलिस कब्जे में ले लिया गया। दोनों आरोपियों को 17 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच दिन का पुलिस रिमांड मिला। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और उनके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की पड़ताल में जुटी हुई है।
📍 Location: शिमला (शिमला)