Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

ऊना के गगरेट, हरोली, श्री चिंतपूर्णी और कुटलैहड़ के लिए 40 करोड़ की नई सड़कें हुई मंजूर:अग्निहोत्री

January 17, 2025

ऊना के गगरेट, हरोली, श्री चिंतपूर्णी और कुटलैहड़ के लिए 40 करोड़ की नई सड़कें हुई मंजूर:अग्निहोत्री

ऊना: हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को कहा कि ऊना जिले के लिए नाबार्ड के तहत 40 करोड़ रुपये लागत की चार नई सड़क परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं।

अग्निहोत्री ने आज यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ये सड़कें गगरेट, हरोली, श्री चिंतपूर्णी और कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्रों में बनाई जाएंगी।

इन परियोजनाओं के तहत गगरेट में 6.46 करोड़ रुपये की लागत से राम मंदिर से बन्ने-दी-हट्टी (अंदोरा अपरला, जट्टां-दा-बेहड़ा) सड़क का निर्माण होगा। हरोली में 11.77 करोड़ रुपये की लागत से गोंदपुर बैहली से बाथू-गुरपलाह सड़क बनाई जाएगी। श्री चिंतपूर्णी में 12.96 करोड़ रुपये की लागत से भेड़ा से पंजोरा (बाबा बालक नाथ मंदिर) सड़क का निर्माण होगा। कुटलैहड़ में 10.44 करोड़ रुपये की लागत से बौल-झंबर-लाम से टक्का पुल सड़क का निर्माण किया जाएगा।

इससे पहले उपमुख्यमंत्री ने हरोली के पंजावर में संत बाबा माधो दास निर्वाण (घाटी वाले) जी के सत्संग में भाग लिया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। बाबा जी ने उन्हें कर्मयोगी की तरह निरन्तर जनसेवा और जनकल्याण में समर्पित रहने की मंगल कामनाएं दीं।

इसके अलावा, उपमुख्यमंत्री ने वहां जनसमस्याओं को सुना और उनका मौके पर ही समाधान किया। उन्होंने बाबा भर्तृहरि युवा क्लब खड्ड के टूर्नामेंट आयोजन के लिए 1 लाख रुपये की सहयोग राशि का चेक प्रदान किया। किसान यूनाइटेड वाईएफसी यूथ फुटबॉल क्लब पंडोगा को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी। ईसपुर के सुरेंद्र कुमार को चिकित्सा उपचार के लिए 1.50 लाख रुपये की सहायता प्रदान की तथा पंजावर की विमला देवी को पारिवारिक कठिनाइयों के मद्देनजर 25 हजार रुपये की मदद दी।

कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता रणजीत राणा ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्र में विकास के अनुपंम कार्यों के लिए उनका आभार जताया। इस मौके पर राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप धीमान, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कांग्रेस पदाधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें: ‘धमकियों के साए में नहीं होगी बातचीत’, ट्रंप की धमकी के बाद ईरानी स्पीकर का पलटवार

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें