Last Updated: November 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

शोघी में बस चेकिंग के दौरान 11 ग्राम चिट्टे के साथ 42 वर्षीय व्यक्ति गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा

November 9, 2026

शोघी में बस चेकिंग के दौरान 11 ग्राम चिट्टे के साथ 42 वर्षीय व्यक्ति गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा

शिमला। जिला शिमला में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में शिमला पुलिस की स्पेशल सेल टीम ने शोघी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को करीब 11 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्पेशल सेल शिमला की टीम ने 5 नवम्बर को पुलिस पोस्ट शोघी के नजदीक वाहनों की जांच के दौरान एक बस को चेकिंग के लिए रोका। इस दौरान बस में सवार यात्रियों की जांच की गई। जांच के दौरान बस की एक सीट पर बैठे व्यक्ति की गतिविधियों के आधार पर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से करीब 11 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपी की पहचान विजय ठाकुर (42) पुत्र शामेन्द्र सिंह निवासी कुमारसैन, जिला शिमला के रूप में की है। बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अभियोग संख्या 242/2026 दिनांक 5 नवम्बर 2026 के तहत धारा 21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अब पुलिस मामले की आगामी जांच में जुटी हुई है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि आरोपी के पास चिट्टा कहां से आया था और क्या वह इसे किसी अन्य व्यक्ति तक पहुंचाने की फिराक में था। साथ ही नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच की जा सकती है। जिला पुलिस शिमला ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें