
ऊना/अम्ब : हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अम्ब उपमंडल के एक गांव में 3 साल की मासूम बच्ची को जब उसके माता-पिता चोट लगने के कारण अस्पताल लाए तो डाक्टरों को शक हुआ कि उसके साथ यौन उत्पीड़न हो सकता है। इस आधार पर उसकी जांच मेडिकल बोर्ड से कराई जा रही है। एसपी ऊना ने भी अस्पताल जाकर शुरुआती पूछताछ की। अंब थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पोक्सो का केस दर्ज कर दिया गया है। यह बच्ची पिछले तीन दिन से ऊना के क्षेत्र अस्पताल में उपचाराधीन है।
बताते हैं कि उसके कूल्हे में फ्रैक्चर हुआ है। माता-पिता उसे पहले अपने गांव की पीएचसी में लेकर गए, वहां से बच्ची को ऊना भेज दिया गया। शनिवार रात को एक महिला डाक्टर को शक हुआ कि बच्चे के साथ दुष्कर्म हो सकता है। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी और चिकित्सा अधीक्षक को सूचना दी। फिर पुलिस को सूचना दी गई। एसपी ऊना ने रविवार को अस्पताल का दौरा किया तथा प्रशासन के साथ इस मामले में चर्चा की। पुलिस के अनुसार, बच्ची के परिजनों का स्पष्ट रूप से कोई बयान नहीं आया है।
फिलहाल संदिग्ध आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है। एक बयान यह भी है कि बच्ची अपनी बहनों के साथ सड़क पार कर रही थी कि एक तेज गाड़ी के आते ही वह गिर पड़ी और उसे चोट लग गई। जांच जारी है। घटना 27 मार्च की बताई जा रही है। बताते हैं कि प्रवासी परिवार की दो बेटियों को पड़ोस का ही एक व्यक्ति कन्या पूजन के बहाने अपने घर ले गया था। कुछ देर बाद परिजनों को सूचना दी गई कि उनकी बच्ची के साथ कोई हादसा हो गया है।
डाक्टर को शक हुआ कि बच्ची के शरीर पर मिले जख्म किसी हादसे के नहीं, बल्कि यौन शोषण के हैं। एसपी ऊना सचिन ने कहा कि मामले की गहनता से छानबीन जारी है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट कर दी जाएगी। डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।