Last Updated: November 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

फेसबुक पर ट्रेडिंग का झांसा देकर 42 लाख की साइबर ठगी

December 10, 2025

फेसबुक पर ट्रेडिंग का झांसा देकर 42 लाख की साइबर ठगी

शिमला: सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर दिखाए गए एक भ्रामक विज्ञापन और फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के जरिए एक व्यक्ति से लगभग 42 लाख रुपए की ठगी कर ली गई। इस संदर्भ में पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता ने बताया कि फेसबुक पर उन्हें एक वीडियो विज्ञापन दिखाई दिया, जिसमें केंद्रीय वित्त मंत्री के नाम और फोटो का दुरुपयोग करते हुए यह दावा किया गया था कि 22,000 रुपए निवेश करने पर प्रतिदिन भारी मुनाफा कमाया जा सकता है। इसे वास्तविक मानते हुए शिकायतकर्ता ने 21,246 रुपए जमा कर दिए।

ये भी पढ़ें- जयपुर में एयर इंडिया फ्लाइट की लैंडिंग फेल, विमान में सवार थे कांग्रेस के बड़े नेता

इसके बाद उन्हें एक कॉल आया जिसमें बताया गया कि उनका रजिस्ट्रेशन हो गया है और उनके नाम से एक वेबसाइट पर ट्रेडिंग अकाउंट बना दिया गया है। शिकायतकर्ता को नियमित तौर पर जूम मीटिंग के माध्यम से अधिक निवेश करने के लिए प्रेरित और प्रलोभित किया जाता रहा। शुरू में उन्हें 50,000 रुपए तक की छोटी रकम निकालने की अनुमति दी गई, जिससे उनका विश्वास और बढ़ गया।

शिकायतकर्ता के ट्रेडिंग डैशबोर्ड पर बड़े मुनाफे दिखते रहे, जिससे उन्हें लगा कि उनके खाते में भारी लाभ जमा हो चुका है। जब उन्होंने पैसा निकालने का प्रयास किया तो उनसे कहा गया कि धनराशि रिलीज करने से पहले ‘कैपिटल गेन टैक्स’ जमा करना होगा। शिकायतकर्ता ने टैक्स के नाम पर और पैसे जमा किए, लेकिन बाद में उन्हें बताया गया कि ‘एक्सचेंज रेट लैप्स’ होने के कारण रकम फंस गई है और उन्हें फिर से कैपिटल गेन टैक्स भरना पड़ेगा। अगले दिन एक ईमेल में उनसे यूएसडी को आईएनआर में बदलने के लिए 15 फीसदी अतिरिक्त शुल्क जमा करने को कहा गया।

इसके बाद उनके पास कई अज्ञात नंबरों से व्हाट्सऐप कॉल और संदेश आते रहे जिनमें कहा गया कि उनका पैसा रिलीज होने ही वाला है, लेकिन उन्हें ‘वेंडर फीस’ भी जमा करनी होगी। इन आश्वासनों पर विश्वास करते हुए शिकायतकर्ता लगातार पैसे जमा करते रहे। काफी राशि जमा करने के बाद भी जब एक भी रुपया वापस नहीं मिला, तो शिकायतकर्ता को एहसास हुआ कि उनके साथ बड़ी धोखाधड़ी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि कुल मिलाकर लगभग 42 लाख रुपए की ठगी हुई है। पीड़ित की शिकायत पर साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखाए जाने वाले निवेश संबंधी विज्ञापनों, भारी रिटर्न के दावों और अज्ञात वेबसाइटों या कॉल्स पर भरोसा न करें।

ये भी पढ़ें- निर्दयता की हद! पेट्रोल डालकर सांड को जिंदा जलाया, आग का गोला बनकर गलियों में दौड़ा बेजुबान

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें