Last Updated: November 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

शिमला में घर के अंदर घुसा तेंदुआ, लोगों में डर का माहौल, देखें वीडियो

January 22, 2026

शिमला में घर के अंदर घुसा तेंदुआ, लोगों में डर का माहौल, देखें वीडियो

हिमाचल डेस्क: राजधानी शिमला के घनी आबादी वाले नवबहार क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से लोगों में डर का माहौल बन गया है। देर रात एक तेंदुआ रिहायशी इलाके में घुस आया और एक मकान के अंदर सीढ़ियों के सहारे दूसरी मंजिल तक पहुंच गया। गनीमत रही कि उस समय तेंदुए को घर के अंदर कोई शिकार नहीं मिला, जिसके बाद वह वापस जंगल की ओर लौट गया।

इस पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भय और चिंता बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में मौजूद लोगों ने किसी तरह खुद को सुरक्षित रखा। वीडियो के वायरल होने के बाद नवबहार के साथ-साथ आसपास के इलाकों में भी लोग सहमे हुए हैं।

ये भी पढ़ें: दो तेज रफ्तार बाइकों की जोरदार टक्कर, 4 लोगों की गई जान

स्थानीय निवासियों का कहना है कि नवबहार इलाका पूरी तरह आबादी से घिरा हुआ है और ऐसे में तेंदुए का घर के अंदर तक पहुंच जाना बेहद खतरनाक स्थिति पैदा कर सकता है। लोगों को बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता सता रही है।

यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी शिमला के मलयाना क्षेत्र में तेंदुए की आवाजाही देखी गई थी, जहां एक तेंदुआ घर के बाहर से पालतू कुत्ते को उठा ले गया था। इसके अलावा शहर की लिफ्ट, कैथू की पार्किंग और अन्य इलाकों में भी तेंदुए की मौजूदगी के मामले सामने आ चुके हैं।

वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, सर्दियों के मौसम में जंगलों में शिकार की कमी हो जाती है, जिसके चलते तेंदुए भोजन की तलाश में शहर और आबादी वाले इलाकों की ओर रुख कर रहे हैं। लगातार बढ़ रही घटनाओं को देखते हुए लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द पिंजरे लगाए जाएं और तेंदुए को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाए। वहीं वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, रात के समय बाहर न निकलने और अकेले न घूमने की अपील की है। विभाग का कहना है कि तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, लेकिन फिलहाल नवबहार और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

ये भी पढ़ें: Yamuna Expressway पर चलती बस बनी आग की गोला, चीख-पुकार के साथ खिड़की-दरवाजों से कूदे यात्री, देखें Video

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें