ऊना: श्री राधा कृष्ण मंदिर कोटला कलां में आयोजित विराट धार्मिक सम्मेलन के अंतर्गत शनिवार को हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग ठाकुर ने राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज के सानिध्य में मंदिर पहुंचकर आशीर्वाद लिया। अनुराग ने कहा कि राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज धर्म ध्वजा के मजबूत वाहक हैं और उनके साथ इस आश्रम से लाखों लोगों की आस्था जुड़ी हुई है।
इस दौरान श्री राधा कृष्ण मंदिर ट्रस्ट द्वारा लोकसभा सदस्य का भव्य स्वागत किया गया। सांसद अनुराग ठाकुर ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उनके संसदीय क्षेत्र में श्री राधा कृष्ण मंदिर में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह धार्मिक आयोजन सबसे बड़े आयोजनों में से एक है, जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रीय संत बाल जी महाराज द्वारा लोक कल्याण के लिए दिए गए प्रत्येक मार्गदर्शन को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने मंच से घोषणा करते हुए बताया कि करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा सैटेलाइट सेंटर आने वाले कुछ ही महीनों में जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने जिले में रेलवे विस्तार कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि लगातार रेल नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है और जिला मुख्यालय से देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों के लिए श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु कई ट्रेन सेवाएं उपलब्ध करवाई गई हैं।
सांसद ने भरोसा दिलाया कि हिमाचल प्रदेश के इस छोटे से क्षेत्र के समग्र विकास के लिए उनके प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। इस अवसर पर उनके साथ पूर्व विधायक का देवेंद्र भुट्टो,भाजपा नेता प्रोफेसर रामकुमार, जिला भाजपा अध्यक्ष श्याम मनिहास, भाजपा जिला महामंत्री पहु लाल भारद्वाज, ओकार कसाना सहित अन्य भाजपा नेता उपस्थित रहे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...