Last Updated: November 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

लंगर सेवा से एंबुलेंस तक, बॉबी के आरोपों पर एआईएमएसएस ने दी सफाई

November 14, 2026

लंगर सेवा से एंबुलेंस तक, बॉबी के आरोपों पर एआईएमएसएस ने दी सफाई

AIMSS Chamyana Responds to Bobby’s Allegations : शिमला। एआईएमएसएस चमियाणा प्रशासन ने सरवजीत सिंह (बॉबी) के आरोपों पर जवाब देते हुए लंगर के लिए रसोई परिसर देने के प्रस्ताव, दो एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस और कैशलेस इलाज सहित अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

 

संस्थान ने बॉबी को कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) कार्यक्रम में उनकी समाजसेवा और परोपकारी कार्यों के लिए सम्मानित होने पर बधाई देते हुए कहा कि उनकी ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस में संस्थान की व्यवस्थाओं को लेकर उठाए गए सवालों पर तथ्यों के साथ स्थिति स्पष्ट करना जरूरी है। संस्थान की ओर से 13 नवंबर को जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि बॉबी ने आरोप लगाया था कि प्रशासन उन्हें लंगर सेवा चलाने के लिए जगह उपलब्ध नहीं करवा रहा है।

इस संबंध में संस्थान ने स्पष्ट किया कि 23 मई 2026 को हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में दायर हलफनामे के माध्यम से उन्हें अस्पताल की रसोई का परिसर उपलब्ध करवाने का प्रस्ताव दिया गया था, ताकि वहां भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों को निशुल्क भोजन उपलब्ध करवाया जा सके। हालांकि, बॉबी ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया। एम्बुलेंस सुविधा को लेकर संस्थान ने बताया कि अस्पताल में मरीजों के परिवहन के लिए दो पूरी तरह से सुसज्जित एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस हमेशा उपलब्ध रहती हैं। इसके अतिरिक्त निजी एंबुलेंस सेवाएं भी फोन पर आसानी से उपलब्ध हैं और इनके संपर्क नंबर अस्पताल में प्रदर्शित किए गए हैं।

प्रिंसिपल और मेडिकल सुपरिंटेंडेंट के पदों पर डॉक्टरों की नियुक्ति को लेकर प्रशासन ने कहा कि राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) के दिशा-निर्देशों के अनुसार इन पदों पर डॉक्टरों की नियुक्ति आवश्यक है, क्योंकि इनके लिए स्वास्थ्य व्यवस्था का गहन अनुभव होना जरूरी है। संबंधित डॉक्टर प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ मरीजों का उपचार भी कर रहे हैं और इससे मरीजों की देखभाल प्रभावित नहीं हो रही है। वहीं, हिमकेयर और आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएमजेएवाई) को लेकर संस्थान ने दावा किया कि इन योजनाओं के तहत पात्र मरीजों को एआईएमएसएस चमियाणा में कैशलेस उपचार की सुविधा दी जा रही है।

इम्प्लांट्स (प्रत्यारोपण उपकरणों) के मामले में यह सुविधा उपलब्ध नहीं है। प्रेस नोट में बताया गया कि अस्पताल तक पहुंचने वाली सड़क को चौड़ा करने का काम भी जारी है और इसे जल्द पूरा किए जाने की संभावना है। अस्पताल के कर्मचारियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पहले से स्वीकृत दो बसों के अतिरिक्त दो और बसें स्वीकृत की हैं। वहीं, आम जनता की सुविधा के लिए आईजीएमसी शिमला से एआईएमएसएस चमियाणा तक एचआरटीसी की नियमित टेम्पो ट्रैवलर सेवा भी संचालित की जा रही है। संस्थान ने कहा कि इन व्यवस्थाओं के माध्यम से अस्पताल में मरीजों, तीमारदारों और कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें