Last Updated: November 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

शीतकालीन सत्र के सुचारू संचालन पर सत्ता पक्ष-विपक्ष में बनी सहमति

November 16, 2026

शीतकालीन सत्र के सुचारू संचालन पर सत्ता पक्ष-विपक्ष में बनी सहमति

All-Party Meeting Reaches Consensus on Smooth Assembly Session : शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के सुचारू संचालन को लेकर सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक हुई।

बैठक में सत्तापक्ष और विपक्ष ने सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने तथा विधायी कार्यों को आपसी सहमति से आगे बढ़ाने पर सहमति जताई। विधानसभा अध्यक्ष ने सभी सदस्यों से सदन की गरिमा बनाए रखते हुए जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा करने की अपील की। उन्होंने सरकार से विपक्ष के सवालों का समयबद्ध और तथ्यपूर्ण जवाब देने की अपेक्षा भी जताई बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई। इसमें सत्तापक्ष और विपक्ष के प्रतिनिधियों ने सदन की कार्यवाही को सुचारू रूप से चलाने तथा विधायी कार्यों को आपसी सहमति से आगे बढ़ाने पर सहमति जताई।

बैठक के बाद इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने बताया कि बैठक में सत्तापक्ष की ओर से हिमाचल प्रदेश सरकार के उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानियां तथा विपक्ष की ओर से भारतीय जनता पार्टी के मुख्य सचेतक सुख राम चौधरी उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा भी मौजूद थे। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बैठक में सबसे पहले सोमवार के लिए प्रस्तावित विधायी कार्यसूची पर विस्तार से चर्चा की गई। दोनों दलों के प्रतिनिधियों ने कार्यसूची पर अपनी सहमति जताई।

इसके अलावा आगामी पांच बैठकों के लिए प्रस्तावित कार्यसूची पर भी विचार-विमर्श किया गया। दोनों पक्षों ने आश्वस्त किया कि विधानसभा सत्र के संचालन में अपनी ओर से पूरा सहयोग दिया जाएगा। पठानियां ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। विधानसभा सदन जनता की आवाज उठाने और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने का सबसे महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे में सभी सदस्यों को सदन की गरिमा बनाए रखते हुए रचनात्मक और सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने दोनों दलों के सदस्यों से अपील की कि वे सत्र के दौरान कार्यवाही में रचनात्मक सहयोग दें और सदन के बहुमूल्य समय का सदुपयोग जनहित से जुड़े विषयों को उठाने, उन पर सार्थक चर्चा करने तथा उचित निर्णय तक पहुंचने के लिए करें।

विधानसभा अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि वह सदन में सभी सदस्यों को अपनी बात रखने और जनहित के मुद्दों पर चर्चा करने के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध करवाएंगे। उन्होंने कहा कि विपक्ष का यह दायित्व है कि वह अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए सरकार से जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण सवाल पूछे और विभिन्न विषयों पर जवाबदेही सुनिश्चित करे। उन्होंने सरकार की जिम्मेदारी पर भी जोर देते हुए कहा कि विपक्ष की ओर से पूछे जाने वाले सवालों और मांगी जाने वाली सूचनाओं का सरकार समयबद्ध एवं तथ्यपूर्ण जवाब दे। इससे सदन में होने वाली चर्चा अधिक सार्थक बनेगी और जनता से जुड़े विषयों पर सकारात्मक परिणाम सामने आ सकेंगे।

पठानियां ने उम्मीद जताई कि सभी राजनीतिक दल आपसी सहयोग, संवाद और संसदीय परंपराओं का सम्मान करते हुए शीतकालीन सत्र को सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा की कार्यवाही का मुख्य उद्देश्य जनसमस्याओं को सदन में उठाना और उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कदम सुनिश्चित करना होना चाहिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें