Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

पतलीकुहल में ट्राउट ब्रूड बैंक और फिश प्रोसेसिंग यूनिट का निरीक्षण

October 4, 2026

पतलीकुहल में ट्राउट ब्रूड बैंक और फिश प्रोसेसिंग यूनिट का निरीक्षण

Angling Tourism Potential Explored at Sissu Lake : कुल्लू। मत्स्य विभाग के निदेशक एवं प्रारक्षी ओमकांत ठाकुर ने कुल्लू और लाहौल-स्पीति में विभागीय विकास कार्यों का निरीक्षण कर परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पतलीकुहल में निर्माणाधीन प्रदेश के पहले ट्राउट ब्रूड बैंक, फिश प्रोसेसिंग यूनिट, आरएएस प्रणाली और ट्राउट हैचरी का जायजा लिया। वर्ष 2025 की आपदा में क्षतिग्रस्त जलापूर्ति लाइन और वाटर इनटेक की बहाली का भी निरीक्षण किया गया। वहीं, सिस्सू झील में एंगलिंग पर्यटन शुरू करने की संभावनाएं तलाशने के साथ विभागीय गतिविधियों के विस्तार पर भी जोर दिया गया।

निदेशक ने ट्राउट फार्म पतलीकुहल में निर्माणाधीन हिमाचल प्रदेश के पहले ट्राउट ब्रूड बैंक का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परियोजना का निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पतलीकुहल फार्म में तैयार की जा रही रेडी-टू-ईट सोमकड ट्राउट फिश कैनिंग यूनिट (फिश प्रोसेसिंग यूनिट) का भी जायजा लिया। उन्होंने यूनिट में स्थापित की जाने वाली मशीनरी एवं उपकरणों को शीघ्र स्थापित करने के निर्देश दिए।

वर्ष 2025 में भारी बारिश एवं आपदा के कारण ट्राउट फार्म पतलीकुहल की जलापूर्ति लाइन और वाटर इनटेक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे। निदेशक ने जलापूर्ति व्यवस्था की बहाली के लिए स्थल का निरीक्षण किया तथा संबंधित कार्यकारी एजेंसी जल शक्ति विभाग, कंट्राई के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने इस महत्वपूर्ण कार्य को तत्काल शुरू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। इस दौरान सहायक अभियंता, जल शक्ति विभाग कटराईं, उप निदेशकट्राउट फार्म पतलीकुहल, अधिशासी अभियंता, हिमाचल प्रदेश एक्वाकल्चर फिशिंग एंड मार्केटिंग सोसाइटी, कनिष्ठ अभियंता, मत्स्य निदेशालय, बिलासपुर तथा वरिष्ठ मत्स्य अधिकारी, पतलीकुहल सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं तकनीकी कर्मचारी उपस्थित रहे।

निदेशक ने पतलीकुहल फार्म में संचालित प्रदेश की पहली कोल्ड वाटर रिसर्कुलेटरी एक्वाकल्चर प्रणाली (आरएएस) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने यहां पल रही ट्राउट मछलियों की प्रगति का जायजा लिया और इस प्रणाली को विभाग की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने ट्राउट फार्म पतलीकुहल के अधीन संचालित ट्राउट हैचरी बटाहर में पल रहे ट्राउट ब्रूड स्टॉक का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आगामी महीनों में होने वाले ट्राउट प्रजनन से बेहतर परिणाम प्राप्त होने की उम्मीद जताई। लाहौल-स्पीति में मत्स्य विभाग की गतिविधियों को विस्तार देने के उद्देश्य से निदेशक ने सिस्सू में विभागीय भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि यहां विभागीय कार्यालय शुरू करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने सिस्सू झील में एंगलिंग पर्यटन शुरू करने की संभावनाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सिस्सू झील में एंगलिंग पर्यटन शुरू होने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है। इससे विभाग के राजस्व में भी वृद्धि होने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान मत्स्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं तकनीकी टीमें निदेशक के साथ मौजूद रहीं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें