शिमला: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अनाडेल में शनिवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) ममता पॉल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उल्लेखनीय है कि उन्होंने ‘अपना विद्यालय – द स्कूल अडॉप्शन प्रोग्राम’ के अंतर्गत विद्यालय को गोद लिया है।
समारोह में अनाडेल की पार्षद उर्मिला कश्यप, रोटरी क्लब शिमला के अध्यक्ष अर्जुन गोयल, सचिव वरुण बाम्बा, क्लब संपादक करण शर्मा तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) से डॉ. मधु मैतान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यार्थियों को प्रदान किए जाने वाले पुरस्कार रोटरी क्लब शिमला द्वारा प्रायोजित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों ने लघु नाटिका, सामूहिक नृत्य, नाटी सहित विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य नलिनी ठाकुर ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की शैक्षणिक, खेलकूद, इको क्लब एवं सांस्कृतिक गतिविधियों तथा विद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दी।
मुख्य अतिथि ममता पॉल ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को उनके संवैधानिक एवं बाल अधिकारों तथा बच्चों के संरक्षण के लिए बनाए गए विभिन्न कानूनों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक एवं सुरक्षित उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अभिभावकों का उनके साथ नियमित संवाद बनाए रखना, उन्हें पर्याप्त समय देना तथा उनकी भावनाओं को समझना अत्यंत आवश्यक है। इससे बच्चों को मानसिक तनाव, अवसाद एवं गलत दिशा में जाने से बचाने में मदद मिल सकती है।
उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उपहार स्वरूप शब्दकोश (डिक्शनरी) भेंट किए और इन्हें उनके ज्ञान एवं शब्दावली में वृद्धि के लिए उपयोगी बताया। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धियों तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए विद्यालय प्रबंधन को बधाई दी। साथ ही विद्यालय की प्रगति, विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास एवं विद्यालय से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
समारोह के दौरान विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ सदन (बेस्ट हाउस) का पुरस्कार ए.पी.जे. अब्दुल कलाम हाउस को प्रदान किया गया, जबकि हेड बॉय आकर्षित को ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ के सम्मान से नवाजा गया। दसवीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वंशिका, निखिल एवं मुस्कान तथा जमा दो कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रिया, एंजेल एवं राधा को पुरस्कृत किया गया।
विद्यालय में खेल प्रशिक्षक की अनुपलब्धता के बावजूद विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। उनकी इस उपलब्धि की भी सराहना की गई। इस अवसर पर विद्यालय के मिड-डे मील (एमडीएम) एवं सहयोगी स्टाफ को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ शिक्षा, अनुशासन एवं सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरित किया।
📍 Location: शिमला (शिमला)