Site icon Dainik Savera Times

अंशिका हत्याकांड: आर्मी से मिले चाकू से की अंशिका की हत्या

ऊना/जोल: ऊना जिले के चर्चित अंशिका हत्याकांड मामले में पुलिस ने आरोपी फौजी प्रवेश और उसके चाचा को शुक्रवार को अदालत में पेश किया। आरोपी चाचा-भतीजे को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। फौजी ने कहा कि उसने भारतीय सेना से मिले चाकू से अपनी प्रेमिका की हत्या की, जो चार माह की गर्भवती थी और जिससे वह कोर्ट मैरिज कर चुका था।

पुलिस जांच में सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि आरोपी फौजी प्रवेश कुमार ने पहले अंशिका से 2023 में कोर्ट मैरिज की थी। अगले साल तलाक लिया और फिर मई 2025 में दूसरी बार कोर्ट मैरिज की। अब 24 सितंबर को दोनों परिवारों की सहमति से शादी होनी थी लेकिन वैवाहिक कलह और आपसी तनाव के चलते फौजी ने 22 सितंबर की रात को चार माह की गर्भवती अंशिका की आर्मी से मिले चाकू से हत्या कर दी। उसके शव को जलाने का भी प्रयास किया। आरोपी फौजी के साथ उसका चाचा भी इसमें शामिल था।

चाचा-भतीजे से गहन पूछताछ

एएसपी ऊना सुरिंदर शर्मा ने बताया कि आरोपियों को चार दिन का रिमांड मिला है, जहां आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जाएगी। 22 सितम्बर बीते सोमवार रात को ऊना के उपमंडल बंगाणा के बैरियां गांव की अंशिका का रहस्यमई परिस्थितियों में जला हुआ शव उसके घर से महज पांच सौ मीटर की दूरी पर मिला। आरोपी फौजी प्रवेश कुमार ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया है कि उसने शादी से 2 दिन पहले रात को अंशिका को बुलाकर सेना से मिले चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। प्रवेश कुमार ने बताया कि अंशिका उस पर लगातार पैसों का दबाव बना रही थी। उसके अनुसार, उसका एटीएम कार्ड भी अंशिका के पास था, जिससे वह अब तक लगभग 8 लाख रुपये खर्च कर चुकी थी। पैसों की बार-बार मांग और बढ़ते झगड़ों से परेशान होकर उसने उसकी हत्या की साजिश रची।

ये भी पढ़ें: स्कूल बस में लगी भयानक आग, हादसे के समय बस में सवार थे 28 बच्चे, घुएं के गुबार के बीच मची चीख पुकार

Exit mobile version