हमीरपुर: भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को सोशल मीडिया के माध्यम से भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन के ऐलान का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पंजाब को भ्रष्टाचार, अपराध और नशे के चंगुल से मुक्त कराने की दिशा में दोनों दलों का एक साथ आना अपने आप में सुखद समाचार है। अनुराग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए का यह विस्तार जनता के हितों से जुड़े मुद्दों को हल करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि इस गठबंधन से पंजाब में सशक्त, सक्षम और समृद्ध व्यवस्था के निर्माण को मजबूती मिलेगी। उन्होंने इस निर्णय के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के शीर्ष नेतृत्व तथा शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह बादल का आभार व्यक्त किया। सांसद ने कहा कि दोनों दलों का यह राजनीतिक तालमेल पंजाब के हित में सकारात्मक भूमिका निभाएगा और प्रदेश को विकास तथा सुशासन की दिशा में आगे बढ़ाने में मददगार साबित होगा।