
जोगिंदर नगर: जोगिंदर नगर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत लांगणा के परैण गांव के होनहार युवक अतुल ठाकुर ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर अपने परिवार,गांव और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अतुल ठाकुर ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह प्रतिष्ठित मुकाम हासिल किया है, जिससे क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है। अतुल ठाकुर ने ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी, चेन्नई में कठोर सैन्य प्रशिक्षण पूरा किया। प्रशिक्षण के उपरांत आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड में उन्होंने भाग लिया और भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में नियुक्ति प्राप्त की।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के साथ अतुल ठाकुर ने अपने सपनों को साकार करते हुए देश सेवा का संकल्प लिया। अतुल ठाकुर के पिता लाल सिंह पंचायत ऑडिटर के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता मनसा देवी गृहिणी हैं। उनके बड़े भाई धीरज भी परिवार का सहयोग करते रहे हैं। अतुल की इस उपलब्धि से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है और गांव परैण सहित आसपास के क्षेत्रों में भी गर्व की भावना देखी जा रही है।
जैसे ही अतुल ठाकुर के भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने की खबर क्षेत्र में पहुंची, लोगों ने उनके घर पहुंचकर परिवार को बधाई देना शुरू कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि छोटे से गांव से निकलकर भारतीय सेना में अधिकारी बनना आसान नहीं होता, लेकिन अतुल ठाकुर ने अपने अथक प्रयास और मजबूत इरादों से यह साबित कर दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो तो कोई भी सफलता दूर नहीं रहती। क्षेत्र के लोगों ने अतुल ठाकुर को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।