Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

15 अगस्त समारोह की अंतिम परेड रिहर्सल संपन्न, एसपी ने किया निरीक्षण

August 13, 2026

15 अगस्त समारोह की अंतिम परेड रिहर्सल संपन्न, एसपी ने किया निरीक्षण

कुल्लू: जिला मुख्यालय के ढालपुर मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। वीरवार को 15 अगस्त को होने वाली परेड की फाइनल रिहर्सल आयोजित की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक शेखर ने मौके पर पहुंचकर परेड का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया।

अंतिम अभ्यास के दौरान पुलिस जवानों के साथ एनसीसी और एनएसएस की टुकड़ियों ने भी भाग लिया। विभिन्न दलों ने अनुशासित ढंग से कदमताल, सलामी और परेड से जुड़ी अन्य गतिविधियों का अभ्यास किया। रिहर्सल के दौरान जवानों और विद्यार्थियों ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अपनी तैयारियों को परखा।

स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर ढालपुर मैदान में पिछले कई दिनों से लगातार अभ्यास चल रहा है। अंतिम रिहर्सल के साथ परेड में शामिल होने वाली टुकड़ियों की तैयारियों को भी अंतिम रूप दिया गया। वहीं जिला प्रशासन की ओर से समारोह स्थल पर सुरक्षा, व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजामों को पूरा करने का काम जारी है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक शेखर ने बताया कि ढालपुर मैदान में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। वह समारोह के दौरान राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराएंगे। उन्होंने कहा कि वीरवार को परेड की अंतिम रिहर्सल पूरी कर ली गई है और समारोह से संबंधित व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें