मंडी: नागरिक चिकित्सालय करसोग में विश्व हृदय दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. गोपाल चौहान ने की। इस दौरान चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने हृदय स्वास्थ्य सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्वास्थ्य विषयों पर लोगों को जागरूक किया।
डॉ. गोपाल चौहान ने हृदय रोग एवं हार्ट अटैक के कारणों, लक्षणों और बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए कहा कि असंतुलित खान-पान, तनाव, धूम्रपान, शारीरिक गतिविधियों की कमी और बदलती जीवनशैली हृदय रोगों के जोखिम को बढ़ा सकती है। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाने का आह्वान किया। उन्होंने हार्ट अटैक की स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेने तथा आवश्यकता पड़ने पर सीपीआर देने के महत्व पर भी बल दिया।
कार्यक्रम में विश्व फार्मासिस्ट दिवस के संदर्भ में दवाइयों के सुरक्षित एवं विवेकपूर्ण उपयोग में फार्मासिस्ट की भूमिका पर जानकारी दी गई। इसके अलावा सांप के काटने पर झाड़-फूंक एवं अंधविश्वास से बचते हुए तुरंत अस्पताल पहुंचने और आवश्यक उपचार लेने की सलाह दी गई। एंटी रेबीज जागरूकता के तहत पशु के काटने पर घाव को साबुन और पानी से अच्छी तरह धोने तथा समय पर एंटी-रेबीज वैक्सीन लगवाने के महत्व के बारे में बताया गया।
वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी चर्चा की गई तथा उनकी नियमित स्वास्थ्य जांच, उचित आहार और विशेष देखभाल की आवश्यकता पर बल दिया गया। इस अवसर पर एमओ/आईसी डॉ. संदीप कंवर, मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. लोकेश, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुराधा, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रतीक, डॉ. अजय, डॉ. कृतिका सहित अस्पताल के अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
📍 Location: Mandi (Mandi)

