हिमाचल डेस्कः प्रदेश के कांगड़ा जिले के बैजनाथ उपमंडल के उस्तेहड़ निवासी 26 वर्षीय भारतीय सेना जवान अक्षित शर्मा का जम्मू के अखनूर सेक्टर में कमांडो ट्रेनिंग के दौरान तवी नदी में डूबने से दुखद निधन हो गया। 09 पंजाब रेजिमेंट में तैनात अक्षित जम्मू में प्रशिक्षण ले रहे थे।
ये भी पढे़ं :-
कमांडो अभ्यास के दौरान नदी में हादसा हुआ। सेना ने तुरंत सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। बुधवार को उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव उस्तेहड़ पहुंचा, जहां पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
शोकाकुल माहौल में राज्यसभा सांसद अनुराग ठाकुर, विधायक किशोरी लाल, एसडीएम संकल्प गौतम सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने श्रद्धांजलि दी। अनुराग ठाकुर ने कहा कि होनहार जवान का असमय निधन क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। अक्षित अपने माता-पिता विजय कुमार और रेणु अवस्थी की इकलौती संतान थे।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, प्रशासनिक अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे और सभी ने नम आंखों से वीर जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की। अंतिम विदाई के दौरान लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘अक्षित शर्मा अमर रहे’ के नारे लगाए। शोक संतप्त परिवार के प्रति सबने गहरी संवेदना व्यक्त की।
ये भी पढे़ं :-

