Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

एकता और सौहार्द का संदेश देने के उद्देश्य से आरम्भ की भारत जोड़ो यात्रा : Rahul Gandhi

January 18, 2023

एकता और सौहार्द का संदेश देने के उद्देश्य से आरम्भ की भारत जोड़ो यात्रा : Rahul Gandhi

इंदौराः कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा के हिमाचल प्रदेश के इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के मानसर में प्रवेश पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, मंत्रिमण्डल के सदस्यों और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भव्य स्वागत किया। हिमाचल के सीमावर्ती गांव घटोटा में हिमाचल प्रदेश आगमन पर राहुल गांधी की उपस्थिति में पंजाब कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष राजा वारिंग ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह को तिरंगा सौंपा।

इस अवसर पर राहुल गांधी ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा आरम्भ करने का उद्देश्य देश में एकता और सौहार्द का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि लगभग चार माह पूर्व कन्याकुमारी से शुरू की गई यह यात्रा भाजपा व आरएसएस की नफरत वाली विचारधारा के विरुद्ध है। इसके साथ-साथ यात्रा के माध्यम से सरकार को बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी के प्रति आगाह भी किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अपनी सारी नीतियां कुछ उद्योगपति मित्रों को खुश करने के लिए बना रही है। चाहे नोटबंदी हो या फिर जीएसटी, केंद्र सरकार के फैसले मजदूर, गरीब व आम आदमी के हित में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सरकार हर मंच पर विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। विपक्ष के नेताओं को संसद में बोलने का अवसर नहीं दिया जाता। राहुल गांधी ने कहा कि पहले भारत जोड़ो यात्रा हिमाचल प्रदेश में प्रस्तावित नहीं थी, लेकिन हिमाचलवासियों के स्नेह के कारण यात्रा रूट में बदलाव किया गया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा को पूरे देश में भरपूर समर्थन प्राप्त हुआ है तथा उन्हें भी काफी कुछ सीखने को मिला है।

इस अवसर पर कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला, सह-प्रभारी संजय दत्त, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनी राम शांडिल, कृषि मंत्री चंद्र कुमार, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायकगण, पंजाब कांग्रेस के नेता, भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता तथा अन्य लोग उपस्थित थे।

बता दें, भारत जोड़ो यात्रा कांगड़ा जिला के इन्दौरा क्षेत्र के मानसर टॉल प्लाजा से मलोट गांव तक लगभग 24 किलोमीटर पैदल यात्रा तय कर 19 जनवरी, 2023 को जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करेगी। हजारों लोगों एवं समर्थकों ने राहुल गांधी का प्रदेश में पहुंचने पर स्वागत किया और यात्रा में पूरे उत्साह एवं जोश से भाग लिया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस 3570 किलोमीटर की यात्रा का नेतृत्व कर पार्टी कार्यकर्ताओं और आमजन में उमंग एवं नया जोश भर रहे हैं। यह यात्रा 7 सितम्बर, 2022 को तमिलनाडू के कन्याकुमारी से आरम्भ हुई और 30 जनवरी, 2023 को श्रीनगर में राष्ट्रीय ध्वजारोहण के साथ सम्पन्न होगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें