कुल्लू: जिले में कांग्रेस पार्टी द्वारा श्रीराम मंदिर में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर निकाले गए विरोध प्रदर्शन पर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अमित सूद ने तीखा हमला बोला है।
अमित सूद ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू से लेकर राहुल गांधी तक कांग्रेस का डीएनए भगवान श्रीराम और सनातन संस्कृति के विरोध का रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आते ही मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 97 प्रतिशत हिंदुओं को हराने की बात कहकर अपनी हिंदू विरोधी मानसिकता का परिचय दिया था, जबकि आज वही मुख्यमंत्री राजनीतिक लाभ के लिए मंदिर-मंदिर जाकर अपनी छवि सुधारने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़कों पर प्रदर्शन करने से पहले कांग्रेस नेताओं को यह स्पष्ट करना चाहिए कि सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का विरोध किसने किया था, किन परिस्थितियों में कांग्रेस के नेताओं ने भगवान श्रीराम को काल्पनिक बताया था और करोड़ों हिंदुओं की आस्था के प्रतीक रामसेतु को तोड़ने के पक्ष में कांग्रेस क्यों खड़ी थी।
अमित सूद ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण को रोकने के लिए कांग्रेस से जुड़े कई वकीलों ने अदालत में पक्ष रखा और निर्माण प्रक्रिया में बाधा डालने का प्रयास किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने काले कपड़े पहनकर विरोध दर्ज कराया था। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म और श्रीराम मंदिर को बदनाम करने के हर प्रयास में कांग्रेस की भूमिका रही है। यही कारण है कि आज कांग्रेस देश की राजनीति में लगातार अपना जनाधार खोती जा रही है। उन्होंने कहा कि कारसेवकों पर गोली चलाने वालों का आज भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति करना हास्यास्पद है। उन्होंने कांग्रेस से 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले और नेशनल हेराल्ड मामले जैसे भ्रष्टाचार के आरोपों पर भी जवाब देने की मांग की, जिनका संबंध सीधे गांधी परिवार से बताया जाता है।
अमित सूद ने आरोप लगाया कि श्रीराम मंदिर को बदनाम करना कांग्रेस की सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है और सुनियोजित तरीके से हिंदू आस्था के प्रमुख केंद्र को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को श्रीराम मंदिर पर राजनीति करने से बचना चाहिए, अन्यथा जनता उसे इसका करारा जवाब देगी।
📍 Location: Kullu (Kullu)