Last Updated: November 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

स्टाम्प ड्यूटी बढ़ोतरी पर भाजपा का हमला, पुरानी दरें बहाल करने की मांग

November 27, 2026

स्टाम्प ड्यूटी बढ़ोतरी पर भाजपा का हमला, पुरानी दरें बहाल करने की मांग
 

BJP Targets Sukhu Government Over Sharp Hike in Stamp Duty : शिमला। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा स्टाम्प ड्यूटी की दरों में लगातार की गई भारी बढ़ोतरी पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार की आर्थिक नीतियों का सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है।

वर्ष 2022 में भाजपा सरकार के समय प्रचलित स्टाम्प ड्यूटी की दरों को कांग्रेस सरकार ने पहले 2023 और फिर 2026 में बढ़ाया। कई आवश्यक कानूनी दस्तावेजों की स्टाम्प ड्यूटी अब 10 से 30 गुना तक हो गई है। जमवाल ने कहा कि भाजपा सरकार के समय शपथपत्र की स्टाम्प ड्यूटी मात्र 10 रुपये थी, जिसे कांग्रेस सरकार ने 2023 में 20 रुपये और अब 100 रुपये कर दिया है। सामान्य करारनामे की दर 50 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये तथा एक कार्य हेतु मुख्तारनामे की दर 100 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये कर दी गई है।

इन दस्तावेजों की दरों में क्रमशः 900, 1,900 और 2,900 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि सामान्य मुख्तारनामे की स्टाम्प ड्यूटी 150 रुपये से बढ़ाकर 4,000 रुपये और अन्य श्रेणी के मुख्तारनामे की दर 200 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये कर दी गई है। दत्तक ग्रहण विलेख की दर भी 100 रुपये से बढ़ाकर 2,000 रुपये तथा नोटरी संबंधी कार्यों की स्टाम्प ड्यूटी 10 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये कर दी गई है। राकेश जमवाल ने पड़ोसी राज्य उत्तराखंड से तुलना करते हुए कहा कि उत्तराखंड के स्टाम्प एवं पंजीकरण विभाग की प्रकाशित दर सूची में सामान्य शपथपत्र की स्टाम्प ड्यूटी मात्र 10 रुपये निर्धारित है, जबकि हिमाचल में अब यह 100 रुपये है।

दोनों प्रदेशों की भौगोलिक परिस्थितियां काफी हद तक समान हैं। ऐसे में कांग्रेस सरकार बताए कि हिमाचल के नागरिकों से इसी दस्तावेज के लिए दस गुना राशि लेने का क्या औचित्य है? उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था के अंतर्गत 20 लाख रुपये की संपत्ति के विक्रय करार पर प्रारंभिक स्तर पर 41,000 रुपये की स्टाम्प ड्यूटी देनी पड़ सकती है। इसमें 40,000 रुपये अंतिम हस्तांतरण के समय समायोजित होने के बावजूद छोटे खरीदार पर तत्काल आर्थिक दबाव पड़ेगा।

जमवाल ने कहा कि शपथपत्र, करारनामे और मुख्तारनामे विलासिता की वस्तुएं नहीं, बल्कि किसानों, बागवानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और वरिष्ठ नागरिकों की दैनिक कानूनी आवश्यकताओं से जुड़े दस्तावेज हैं। सरकार स्पष्ट करे कि इन दरों को बढ़ाने से पहले जनता की आर्थिक क्षमता का क्या आकलन किया गया? उन्होंने कहा कि सितंबर 2026 में भाजपा विधायक दल ने विधानसभा में इस संशोधन का विरोध किया था। सरकार बताए कि उसे इस बढ़ोतरी से कितना अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा। राकेश जमवाल ने मांग की कि सरकार उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा की प्रचलित दरों का तुलनात्मक विवरण सार्वजनिक करे तथा आवश्यक कानूनी दस्तावेजों पर बढ़ाई गई स्टाम्प ड्यूटी वापस लेकर पुरानी दरें बहाल करे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें