Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

धनोटू में खण्ड स्तरीय पोषण माह शिविर आयोजित, गर्भवती महिलाओं व किशोरियों को संतुलित आहार के प्रति किया जागरूक

September 30, 2026

धनोटू में खण्ड स्तरीय पोषण माह शिविर आयोजित, गर्भवती महिलाओं व किशोरियों को संतुलित आहार के प्रति किया जागरूक

सुंदरनगर: सुंदरनगर के धनोटू में खण्ड स्तरीय नवां पोषण माह शिविर का आयोजन बाल विकास परियोजना अधिकारी सुंदरनगर पूनम चौहान की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में खण्ड समिति अध्यक्षा पूजा कुमारी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर ग्राम पंचायत महादेव के प्रधान वीरेंद्र कुमार तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चौक के चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुप शिवार्य सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी पूनम चौहान ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए पोषण के महत्व तथा स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, किशोरियों एवं बच्चों के लिए संतुलित आहार की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि पूजा कुमारी ने गर्भवती महिलाओं एवं किशोरियों को पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि उचित पोषण स्वस्थ जीवन की आधारशिला है और इसके प्रति परिवार एवं समाज में जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है।

चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुप शिवार्य ने गर्भावस्था एवं किशोरावस्था के दौरान पोषण की आवश्यकता की जानकारी दी। उन्होंने कुपोषण से बचाव के उपाय बताते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया।

शिविर में गोद-भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न प्रकार के पौष्टिक खाद्य पदार्थों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें स्थानीय एवं पोषणयुक्त खाद्य पदार्थों को शामिल किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को पौष्टिक भोजन के महत्व तथा दैनिक आहार में स्थानीय खाद्य पदार्थों को शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।

📍 Location: Mandi (Mandi)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें