Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

कुल्लू में अक्टूबर के दौरान होंगे विभिन्न राष्ट्रीय सांख्यिकी सर्वेक्षण

September 30, 2026

कुल्लू में अक्टूबर के दौरान होंगे विभिन्न राष्ट्रीय सांख्यिकी सर्वेक्षण

कुल्लू: सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (क्षेत्र संकार्य प्रभाग) द्वारा अक्टूबर 2026 के दौरान कुल्लू जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विभिन्न राष्ट्रीय सांख्यिकी सर्वेक्षण किए जा रहे हैं। कार्यालय सहायक निदेशक एवं प्रभारी, मंडी ने बताया कि इन सर्वेक्षणों से प्राप्त आंकड़ों का उपयोग राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर विकास योजनाओं तथा नीतियों के निर्माण में किया जाता है।

उन्होंने बताया कि अक्टूबर माह में मनाली और विशलाधार में आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण, शमशी और बाहू में वार्षिक असंगठित क्षेत्र उद्यम सर्वेक्षण, पाखरी में राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण, मणिकर्ण, कुल्लू और मनाली में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक सर्वेक्षण, बंजार और शिल्लीहार में प्रवासन सर्वेक्षण, जबकि पारली में अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण तथा कृषि परिवारों का स्थिति मूल्यांकन सर्वेक्षण किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि सर्वेक्षण के दौरान प्रशिक्षित राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी सुरक्षित डिजिटल उपकरणों और वेब पोर्टल के माध्यम से आवश्यक जानकारी एकत्र करेंगे। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के दौरान प्राप्त सभी सूचनाएं पूर्णतः गोपनीय रखी जाती हैं और उनका उपयोग केवल सांख्यिकी संबंधी उद्देश्यों के लिए किया जाता है।

सहायक निदेशक ने कुल्लू जिले के सभी चयनित परिवारों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों से अपील की कि वे सर्वेक्षण अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाकर सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि जनता का सहयोग सशक्त सांख्यिकी प्रणाली, बेहतर नीति निर्माण तथा राष्ट्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

📍 Location: Kullu (Kullu)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें