रामपुर बुशहर: रामपुर उपमंडल के ज्यूरी क्षेत्र स्थित त्यावल गांव के समीप शनिवार को रोड़ी (बजरी) से लदी एक बोलेरो कैंपर गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में वाहन में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान धन सिंह, जो नेपाली मूल का निवासी हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ, जब बोलेरो कैंपर निर्माण कार्य के लिए रोड़ी लेकर जा रही थी।
त्यावल गांव के पास एक तीखे और संकरे मोड़ पर चालक वाहन से संतुलन खो बैठा। बताया जा रहा है कि मोड़ पर अचानक नियंत्रण बिगड़ने के कारण गाड़ी सड़क पर पलट गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। दुर्घटना होते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने साहस का परिचय देते हुए क्षतिग्रस्त वाहन से घायलों को बाहर निकाला और निजी वाहनों की मदद से उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में दोनों घायलों का उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। वहीं हादसे की पुष्टि डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने की है।

