
रोहड़ू : शिमला जिले में रोहड़ू उपमंडल के अंतर्गत नावर घाटी की तहसील टिक्कर के गांव दरोटी के पास शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में मां-बेटे सहित पांच लोगों की मौत हो गई जबकि एक नेपाली मजदूर गंभीर रूप से घायल हुआ है जिसे उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार दरकोटी निवासी कुशल अपनी मां कल्पना के साथ कार में नेपाली मजदूरों को घास काटने के लिए ले जा रहा था।
इसी दाैरान कार सड़क से नीचे गिर गई। हादसे में कुशल पुत्र प्रमोद, कल्पना देवी पत्नी प्रमोद निवासी दरोटी गांव तथा निर्मला पत्नी पवन, मीना पत्नी प्रेम और रोशनी पुत्री प्रेम (तीनों नेपाली मूल के नागरिक) की मौके पर ही मौत हो गई। एक नेपाली मजदूर गंभीर रूप से घायल हुआ है जिसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए शिमला रेफर किया गया।
गंभीर रूप से घायल आईजीएमसी अस्पताल शिमला में उपचाराधीन है। उधर, तहसीलदार टिक्कर प्रियंजली और नायब तहसीलदार टिक्कर मेहर सिंह फिष्टा ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस दुखद हादसे का शिकार बने मृतकों के परिजनों को फौरी राहत के रूप में 15- 15 हज़ार की राहत राशि प्रदान की गई है।