
Chandrashekhar Directs Timely Resolution of Public Grievances : कुल्लू। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र की क्षेत्रीय शिकायत निवारण कमेटी की बैठक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस सिद्धपुर के सभागार में विधायक चंद्रशेखर की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों से संबंधित जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में एसडीएम धर्मपुर जोगिंदर पटियाल सहित लोक निर्माण, जल शक्ति, विद्युत, राजस्व, स्वास्थ्य तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान क्षेत्रवासियों से प्राप्त सड़क, पेयजल, बिजली, राजस्व और अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित शिकायतों पर विभागवार चर्चा की गई। विधायक चंद्रशेखर ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को बरसात के कारण क्षतिग्रस्त ग्रामीण सड़कों और संपर्क मार्गों की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन और स्कूली बच्चों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने जल शक्ति विभाग को पेयजल योजनाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने तथा विद्युत विभाग को बिजली कटौती से संबंधित समस्याओं का प्रभावी समाधान करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में अधिकतर शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि जिन मामलों में विस्तृत जांच आवश्यक थी, उनमें संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। विधायक ने अधिकारियों से जनशिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका निपटारा करने को कहा। उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
उन्होंने कहा कि धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र का समग्र एवं संतुलित विकास तथा लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्राथमिकता है और इस दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...