Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

मुख्यमंत्री ने निराश्रित नक्षत्रा को भवन निर्माण के लिए तीन बिस्वा भूमि के दस्तावेज किए प्रदान

January 10, 2024

मुख्यमंत्री ने निराश्रित नक्षत्रा को भवन निर्माण के लिए तीन बिस्वा भूमि के दस्तावेज किए प्रदान

मुख्यमंत्रीठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज ओक ओवर, शिमला में मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत निराश्रित बेटी नक्षत्रा सिंह को भवन निर्माण के लिए तीन बिस्वा जमीन के दस्तावेज प्रदान किए। नक्षत्रा सिंह वर्तमान में बिलासपुर जिला के सदर उपमंडल के तहत निदेशालय महिला एवं बाल विकास के वुमेन वर्किंग होस्टल में रह रही हैं। इस योजना के तहत भवन निर्माण के लिए भूमि प्राप्त करने वाली वह जिला बिलासपुर की पहली लाभार्थी हैं।

मुख्यमंत्री ने नक्षत्रा सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और अपने ध्येय को प्राप्त करने के लिए उन्हें जीवन में निरन्तर आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया।
इससे पूर्व, नक्षत्रा सिंह को स्टार्ट-अप के तहत लघु उद्योग के लिए भी दो लाख रुपये की धनराशि मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत प्रदान की गई है। इस स्टार्ट-अप में नक्षत्रा सिंह ने तीन महिलाओं को रोजगार प्रदान किया है।

इस अवसर पर बिलासपुर के उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने अवगत करवाया कि मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के अन्तर्गत नक्षत्रा सिंह को घर बनाने के लिए धनराशि प्रदान करने सम्बंधी आवश्यक प्रक्रियाएं भी पूर्ण की जा रही हैं। उन्होंने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत जिला बिलासपुर में 18 से 27 वर्ष आयु के 128 चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट पंजीकृत किए गए हैं, जिन्हें योजना के तहत विभिन्न लाभ प्रदान किये जा रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें