Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

CM Sukhu ने नुक्कड़ सभाओं में कांग्रेस उम्मीदवार कमलेश ठाकुर के लिए किया प्रचार

June 30, 2024

CM Sukhu ने नुक्कड़ सभाओं में कांग्रेस उम्मीदवार कमलेश ठाकुर के लिए किया प्रचार

देहरा: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने देहरा विधानसभा क्षेत्र में धार, भटेहड़, मसरूर, धंगड़, बिलासपुर, सकरी, लोअर सुनेहत, सुनेहत, दयाल, धजाग तथा हार में कांग्रेस पार्टी की प्रत्याशी और अपनी धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर के पक्ष में प्रचार किया और नुक्कड़ सभाओं में भाग लिया। भाजपा पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और अन्य भाजपा नेताओं को झूठ बोलने की लत लग गई है। जयराम ठाकुर दिन में सपने देख रहे हैं लेकिन भाजपा झूठ बोलकर सत्ता में नहीं आने वाली है।

उन्होंने कहा कि पहले जयराम ठाकुर चार जून को हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने का दावा करते रहे लेकिन उनकी ये बात झूठी साबित हुई है और अब भाजपा की सरकार बनने की नई-नई तारीख देकर जनता के बीच अपना मज़ाक़ बनवा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व विधायक होशियार सिंह देहरा की जनता को बताएं कि उन्होंने विधायक पद से इस्तीफ़ा क्यों दिया और अब दोबारा विधायक बनने के लिए उप चुनाव क्यों लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं और होशियार सिंह यह उप चुनाव जनता पर थोपा है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा में कांग्रेस के 38 विधायक हैं और भाजपा किसी भी सूरत में सत्ता में नहीं आने वाली है। उन्होंने कहा कि होशियार सिंह ने अपनी विधायकी भाजपा को बेची है और दबाव में आकर विधायक पद से इस्तीफ़ा दिया है। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक केवल अपने होटल-रिज़ॉर्ट चिंता करते थे और और जनता के काम लेकर कभी भी उनके पास नहीं आते थे। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि ये देहरा का भाग्य ही होगा कि होशियार सिंह ने विधायक पद से इस्तीफ़ा दिया और अब कांग्रेस पार्टी ने उनकी धर्मपत्नी को यहाँ से चुनाव मैदान में उतारा गया है।

उन्होंने कहा कि इंदिरा गाँधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत देहरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत लगभग एक हजार महिलाओं को पंद्रह सौ रुपये प्रतिमाह पेंशन की दो किश्तें प्राप्त हो चुकी है तथा बचे हुए फ़ॉर्म की जांच का कार्य जारी है। जाँच पूरी होने के बाद पात्र महिलाओं को उनके खाते में उनके पेंशन के रूप में प्रतिमाह 1500 रुपए प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि देहरा के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और यहां लोगों को सड़क, बिजली और पानी की सुविधा प्रदान करने के लिए भरपूर पैसा उपलब्ध करवाया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें