Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

CM Sukhu के बयान हैं बचकाने, नहीं संभाल सकते प्रदेश : Satpal Satti

February 10, 2023

CM Sukhu के बयान हैं बचकाने, नहीं संभाल सकते प्रदेश : Satpal Satti

ऊना (राजीव भनोट) : भारतीय जनता पार्टी की जिला कार्यसमिति बैठक शुक्रवार को भाजपा के ऊना जिला कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा ने की। जबकि इस मौके पर उनके विधायक सतपाल सिंह सत्ती पूर्व विधायक बलबीर चौधरी पूर्व विधायक राजेश ठाकुर, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रो. रामकुमार और जिला प्रभारी विनोद ठाकुर समेत तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान पार्टी की गतिविधियों और कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। इस मौके पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ विशेष सत्रों में अहम मुद्दों पर चर्चा की। हिमाचल भाजपा द्वारा प्रदेश सरकार के खिलाफ शुरू होने वाले हस्ताक्षर अभियान की विस्तृत रूपरेखा पदाधिकारियों के साथ साझा की गई। प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा पूर्व भाजपा सरकार में खोले संस्थानों को बंद करने के विरोध में इस अभियान का आगाज किया जाएगा।

इस मौके पर सतपाल सत्ती ने भाजपा पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में हुई हार को भुलाकर सभी पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को लोकसभा चुनाव के लिए एकजुटता से काम करना होगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल में पहले भी भाजपा ने कांग्रेस को 2 बार लोकसभा चुनाव में 4-0 से मात दी है और एक बार फिर कांग्रेस को करारी हार दी जाएगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के मध्य प्रतिशतता का अंतर महज .9 प्रतिशत रहा है। जबकि सीधे शब्दों में प्रदेश भर में भाजपा कांग्रेस से केवल मात्र 36000 मतों से हारी है। सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार बुरी तरह घबराई हुई है। सत्ता मिलने के बाद भी कांग्रेस हिमाचल प्रदेश की जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पा रही।

मुख्यमंत्री के बचकाने बयान यह साबित करते हैं कि वह प्रदेश की बागडोर नहीं संभाल पा रहे जबकि मंत्री पदों के साथ-साथ कई मामलों में कांग्रेस के भीतर द्वंद्व चल रहा है। सतपाल सिंह सत्ती कहा कि कांग्रेस जनता से लिए अपने वायदों से मुकरने लगी है। जबकि दूसरी तरफ कांग्रेस के हारे हुए नेता कर्मचारियों और लोगों को धमकाने में लगे हैं। सतपाल सत्ती ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता संभालने के बाद कई ऐसी रिवायतें शुरू कर दी हैं जो भविष्य में उसे भी भुगतनी पड़ सकती हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा पदाधिकारियों के परिजनों और रिश्तेदारों को चुन चुन कर प्रताड़ित किया जा रहा है और उनके तबादले नियमों को ताक पर रखकर दूरदराज क्षेत्रों में किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कर्मचारियों की प्रताड़ना किसी भी सूरत में सहन नहीं करेगी और कांग्रेस सरकार को इसका माकूल जवाब दिया जाएगा। इस मौके पर भाजपा के जिला महामंत्री राजकुमार पठानिया , श्याम मिन्हास, बलराम बबलू ,धर्मेंद्र राणा, सतीश शर्मा ,सतीश ठाकुर, केपी शर्मा सहित सभी मंडलों के अध्यक्ष महामंत्री मोर्चे और प्रकोष्ठों अध्यक्ष महामंत्री और जिला कार्य समिति के पदाधिकारी और सदस्य भी शामिल रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें