कुल्लूः अयोध्या में भगवान श्री राम के मंदिर में चढ़ावा में हुए घोटाले को लेकर कांग्रेस ने अब केंद्र सरकार से मांग रखी है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए। वरना कांग्रेस के द्वारा आगामी दिनों में इस मुद्दे को लेकर पूरे देश में आंदोलन किया जाएगा। इसी मुद्दे को लेकर जिला कुल्लू के ढालपुर में भी जिला कुल्लू कांग्रेस कमेटी के द्वारा एक रोष रैली निकाली गई। तो वहीं केंद्र सरकार के बड़े नेताओं को भी घोटाले में संलिप्त बताया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के द्वारा ढालपुर से होते हुए यह रैली हनुमान मंदिर तक निकाली गई। जहां पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के द्वारा चंदा घोटाले के विरोध में भजन कीर्तन भी किया गया। इस दौरान जिला कुल्लू कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सेस राम आजाद ने कहा कि आखिर क्या मजबूरी है कि केंद्र सरकार इस घोटाले के विरोध में कोई भी बड़ी जांच नहीं करवा पा रही है।
उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की आस्था सर्वोपरि है और चढ़ावे के प्रबंधन में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। ऐसे में जब देश भर में यह मुद्दा गूंज रहा है और आम जनता भी इस घोटाले के निष्पक्ष जांच चाहती है। तो आखिर केंद्र सरकार की क्या मजबूरी है। क्या उनके बड़े नेता भी इस घोटाले में शामिल है और उन्हें बचाने के चक्कर में केंद्र सरकार कोई भी जांच शुरू नहीं कर पा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि चढ़ावे से जुड़े मामले गंभीर हैं और इनकी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। जिला अध्यक्ष सेस राम ने कहा कि मंदिरों में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित दान की सुरक्षा और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करना सभी संबंधित संस्थाओं की जिम्मेदारी है। ऐसे में अगर मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस पार्टी आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेगी।
📍 Location: Kullu (Kullu)