
Construction Workers Protest Over Pending Benefits : कुल्लू। निर्माण मजदूरों ने श्रमिक कल्याण बोर्ड कार्यालय के बाहर प्रदेश सरकार के खिलाफ रोष जताया। मजदूरों ने वर्ष 2021-22 से लंबित छात्रवृत्ति, विवाह, प्रसूति और चिकित्सा सहायता सहित अन्य लाभ जारी करने की मांग उठाई। मांगें पूरी न होने पर श्रम कल्याण अधिकारी के घेराव की चेतावनी दी।
इस दौरान मजदूरों ने पिछले चार वर्षों से श्रमिक कल्याण बोर्ड के माध्यम से मिलने वाली विभिन्न सुविधाएं न मिलने पर प्रदेश सरकार के प्रति भारी रोष प्रकट किया। मजदूरों ने कहा कि पिछले चार वर्षों से श्रमिक कल्याण बोर्ड में पंजीकृत निर्माण मजदूरों को मिलने वाली सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं। एक तरफ मजदूरों को उनकी जायज सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ वेरिफिकेशन के नाम पर मजदूरों को डराया जा रहा है। निर्माण मजदूरों को हर वर्ष मिलने वाले लाभ सरकार जारी नहीं कर रही है, जिसके कारण मजदूरों और उनके परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
यूनियन ने कहा कि मजदूरों की लंबित मांगों को लेकर मजदूर संगठन लगातार संघर्ष और प्रदर्शन कर रहा है, लेकिन प्रदेश सरकार मजदूरों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही है। सरकार मजदूरों का शोषण कर रही है। श्रमिक कल्याण बोर्ड में मजदूरों द्वारा जमा की गई राशि मजदूरों के कल्याण और सुविधाओं पर खर्च करने के बजाय सरकार विज्ञापनों पर खर्च कर रही है। मजदूरों ने मांग की कि वर्ष 2021-22 से लंबित छात्रवृत्ति, विवाह सहायता, प्रसूति एवं चिकित्सा सुविधाओं सहित सभी लाभ जल्द जारी किए जाएं। 10 जुलाई 2026 को राज्य श्रमिक कल्याण बोर्ड हमीरपुर की ओर से जारी अधिसूचना के आधार पर काम शुरू किया जाए। अधिसूचना जारी होने के बावजूद अभी तक इस पर काम नहीं हो रहा है।
मुख्यमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मिलने वाली नगद सहायता पंजीकृत मजदूरों के बैंक खातों में दी जाए। श्रमिक कल्याण बोर्ड में प्रवासी मजदूरों का पंजीकरण सरल किया जाए। मजदूरों ने यह भी मांग की कि सुविधाओं के लिए जमा करवाए गए फॉर्म बार-बार वापस न किए जाएं। फॉर्म की समय पर जांच की जाए और यदि उनमें कोई कमी हो तो उसी समय मजदूरों को बताया जाए, ताकि उन्हें बार-बार अपने वार्षिक कार्य दिवसों का प्रमाण देने और कार्यालय के चक्कर लगाने की परेशानी न उठानी पड़े। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए किसान-मजदूर नेता नारायण चौहान, सीटू जिला सचिव चमन ठाकुर, रामचंद, धर्मपाल आदि ने कहा कि निर्माण मजदूर प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इसके बावजूद सरकार मजदूरों को उनके अधिकारों और सुविधाओं से वंचित कर रही है। मजदूरों ने अपनी मेहनत की कमाई से श्रमिक कल्याण बोर्ड में अंशदान जमा करवाया है, इसलिए उन्हें मिलने वाली सुविधाएं उनका अधिकार हैं। प्रदर्शन के अंत में मजदूरों की मांगों को लेकर श्रम कल्याण अधिकारी कुल्लू को मांग पत्र भी सौंपा गया। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि मजदूरों की मांगों को शीघ्र नहीं माना गया और लंबित सुविधाएं जारी नहीं की गईं, तो आने वाले समय में श्रमिक कल्याण अधिकारी का घेराव किया जाएगा। मजदूर यूनियन ने स्पष्ट किया कि मजदूरों के अधिकारों और उनकी सुविधाओं की बहाली के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा।