Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

चेन्नई से पालमपुर जा रहे कंटेनर में लगी आग, आर्मी जवान का सामान जलकर राख

February 20, 2026

चेन्नई से पालमपुर जा रहे कंटेनर में लगी आग, आर्मी जवान का सामान जलकर राख

हमीरपुर: जिला मुख्यालय के पक्काभरो क्षेत्र में एक बड़ी आगजनी का मामला सामने आया, जिसमें एक कंटेनर में रखा सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। इस घटना में कंटेनर के भीतर का सामान तथा स्वयं वाहन के पिछले हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा है। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार कंटेनर (एचआर 39 एफ 1012) चेन्नई से पालमपुर की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि उसमें एक आर्मी जवान का घरेलू सामान लदा हुआ था।

सुबह जब कंटेनर पक्काभरो के समीप पहुंचा तो अचानक वाहन से धुआं उठता दिखाई दिया। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोका और कंटेनर का दरवाजा खोला। दरवाजा खुलते ही अंदर आग की तेज लपटें दिखाई दीं, जो कुछ ही क्षणों में तेजी से फैल गईं। चालक ने शोर मचाकर स्थानीय लोगों को सहायता के लिए बुलाया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

हालांकि तब तक कंटेनर में रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जल चुका था। आग की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कुछ ही मिनटों में अंदर रखा सारा सामान राख में तब्दील हो गया। घटना के संबंध में एसपी बलबीर सिंह ठाकुर ने बताया कि कंटेनर चेन्नई से पालमपुर जा रहा था और पक्काभरो के पास अचानक धुआं उठने की सूचना मिली। चालक द्वारा दरवाजा खोलने पर अंदर रखा सामान जलता हुआ पाया गया।

पुलिस और अग्निशमन विभाग ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। इस आगजनी की घटना में लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या किसी ज्वलनशील सामग्री के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि सटीक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें