Last Updated: November 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिमाचली लोक संस्कृति के रंगों से सजेगी ‘पहाड़ी साँझ’, 25 नवम्बर को अटल सदन में गूंजेंगे पहाड़ी सुर

November 22, 2026

हिमाचली लोक संस्कृति के रंगों से सजेगी ‘पहाड़ी साँझ’, 25 नवम्बर को अटल सदन में गूंजेंगे पहाड़ी सुर

कूल्लू: हिमाचल प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक संगीत और लोकनृत्य की विविध छटाओं को एक ही मंच पर प्रस्तुत करने के उद्देश्य से सूत्रधार कला संगम, कुल्लू द्वारा आगामी 25 नवम्बर, 2026 को ‘पहाड़ी साँझ’ नाम से एक विशेष सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जा रहा है। अटल सदन, कुल्लू के विशाल सभागार में सायं 5:30 बजे से रात्रि 10 बजे तक आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में उपायुक्त कुल्लू डॉ. अमित कुमार शर्मा बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। यह सांस्कृतिक संध्या पहाड़ी कला एवं संस्कृति के प्रेमियों के लिए एक यादगार संगीतमय आयोजन बनने जा रही है। कार्यक्रम में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा।

संस्था के अध्यक्ष दिनेश सेन ने बताया कि सूत्रधार कला संगम पिछले पांच दशकों से कला, संस्कृति एवं लोक परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी कड़ी में ‘पहाड़ी साँझ’ का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को मंच प्रदान करने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और लोक संगीत से परिचित करवाना है। इस आयोजन में हिमाचल के विभिन्न क्षेत्रों की सांस्कृतिक विविधता को गीत-संगीत एवं नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।

इस सांस्कृतिक संध्या का प्रमुख आकर्षण हिमाचल के सुप्रसिद्ध लोक, शास्त्रीय एवं गजल गायक पीयूष राज होंगे, जो अपनी विशेष गायन प्रस्तुति से संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध करेंगे। चम्बा जिले से संबंध रखने वाले पीयूष राज ने अपनी विशिष्ट आवाज एवं गायन शैली के माध्यम से हिमाचली संगीत जगत में अलग पहचान बनाई है। आकाशवाणी शिमला से अपने संगीत सफर की शुरुआत करने वाले पीयूष राज ने दिल्ली में ग्वालियर घराने के प्रख्यात संगीतज्ञ उस्ताद पं० लक्ष्मण कृष्ण राव पंडित से शास्त्रीय गायन का प्रशिक्षण प्राप्त किया। वर्ष 1983 में उनका पहला कैसेट ‘ऋतु रंग’ तथा एचएमवी का एल्बम ‘हिमाचल के लोकगीत’ काफी चर्चित रहा। ‘बहुत बुरे हैं’, ‘सायं-सायं मत कर राबिए’ और ‘तेरियां मोहब्बतां’ जैसे लोकप्रिय गीतों के अलावा ‘बंजारा’ ग़ज़ल एल्बम एवं हिमाचली फिल्मों में उनके गायन ने उन्हें विशेष लोकप्रियता दिलाई। तत्कालीन राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह के समक्ष ग़ज़ल प्रस्तुत कर चुके पीयूष राज को प्रदेश में ‘सुरों के सरताज’ के नाम से भी जाना जाता है।

‘पहाड़ी साँझ’ में गायन के साथ-साथ लोकधुनों और आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों का भी विशेष संगम देखने को मिलेगा। कार्यक्रम में सूत्रधार कला संगम के अनुभवी एवं युवा कलाकारों के साथ प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आमंत्रित कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इनमें प्रो० दीपक गौतम, धर्मेन्द्र शर्मा, लाल सिंह, रोज़ी, ट्विंकल, जीवन बुडाल, संजय पुजारी, अर्पिता ठाकुर, अनुष्का, करिश्मा एवं विजय शामिल हैं। कार्यक्रम में संस्था के कलाकारों द्वारा लगभग छह मिनट का सामूहिक गीत भी प्रस्तुत किया जाएगा। विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच बांसुरी, सितार एवं अन्य वाद्य यंत्रों की मधुर स्वर लहरियां भी दर्शकों को एक अलग संगीतमय अनुभव प्रदान करेंगी।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आज 21 नवम्बर, 2026 को संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन की अध्यक्षता में सूत्रधार भवन में कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन को सफल बनाने के लिए संस्था उपाध्यक्ष कंवर वीरेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजन उपसमिति गठित की गई, जिसमें महासचिव अतुल गुप्ता, वित्त सचिव जोगिन्दर ठाकुर, तिलक राज चौधरी, सुंदर श्याम महंत, धर्मेन्द्र शर्मा, पं० विद्या सागर, निशांत गौतम, जीवन बुडाल, सनी एवं संजय पुजारी को शामिल किया गया। वहीं निमंत्रण समिति में मंजुलता शर्मा, यशोदा शर्मा, सीमा शर्मा, सुदेश कुमार, सुबोध सूद, सनी, उत्तम चन्द एवं पवन कुमार को जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं। बैठक में कलाकारों के समन्वय, गीतों के चयन, मंच, ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था तथा प्रचार-प्रसार को लेकर भी आवश्यक निर्णय लिए गए।

बैठक में संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन सहित संरक्षक मंडल सदस्य राजेन्द्र सूद, उपाध्यक्ष कंवर वीरेन्द्र सिंह, महासचिव अतुल गुप्ता, भण्डार प्रभारी तिलक राज चौधरी, सचिव मंजुलता शर्मा, प्रचार-प्रसार प्रभारी सुंदर श्याम महंत, लोकनृत्य प्रभारी सीमा शर्मा, प्रचार-प्रसार सहप्रभारी धर्मेन्द्र शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य सुदेश कुमार, सुबोध सूद एवं भारत भूषण आचार्य, संगीत अकादमी के प्राचार्य पं० विद्या सागर, आमंत्रित सदस्य निशांत गौतम, जीवन बुडाल, सनी एवं संजय पुजारी, प्रबंधक उत्तम चन्द तथा सहयोगी पवन कुमार उपस्थित रहे। संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन ने जिला के समस्त कलाप्रेमियों, संस्कृति प्रेमियों एवं आम जनमानस से 25 नवम्बर को अटल सदन में आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर हिमाचल की समृद्ध लोक संस्कृति एवं संगीत परंपरा के इस उत्सव का हिस्सा बनने का आह्वान किया।

📍 Location: Kullu (Kullu)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें