Last Updated: November 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

प्रेस की विश्वसनीयता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत : विद्या नेगी

November 16, 2026

प्रेस की विश्वसनीयता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत : विद्या नेगी

Credibility Is the Biggest Strength of Press : कुल्लू। राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस के अवसर पर मनाली में आयोजित कार्यक्रम में महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी ने पत्रकारिता में निष्पक्षता, विश्वसनीयता और तथ्यपरक रिपोर्टिंग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि फेक न्यूज और अफवाहों के दौर में पत्रकारों की जिम्मेदारी है कि तथ्यों की पुष्टि के बाद ही सच्चाई जनता तक पहुंचाएं। वहीं, अन्य वक्ताओं ने भी सनसनी से दूर रहकर जिम्मेदार और संतुलित पत्रकारिता करने का आह्वान किया।

 

उन्होंने कहा कि प्रेस दिवस मनाने का उद्देश्य मीडिया की स्वतंत्रता का स्मरण करने के साथ-साथ पत्रकारों को इस बात का आत्मविश्लेषण करने का अवसर देना है कि वे कितनी विश्वसनीय और सटीक पत्रकारिता के जरिए समाज में योगदान कर रहे हैं। विद्या नेगी ने कहा कि आज का दौर सूचना का दौर है, लेकिन इसी के साथ भ्रामक सूचनाएं, फेक न्यूज और अफवाहें भी तेजी से फैल रही हैं। ऐसे में पत्रकारिता की सबसे बड़ी जिम्मेदारी तथ्यों की पुष्टि कर सत्य को जनता तक पहुंचाना है। नगर परिषद मनाली की अध्यक्ष चंद्रा पदान ने कहा कि प्रेस की विश्वसनीयता ही उसकी असली पूंजी है। एक बार विश्वास टूटा तो उसे दोबारा जीतना बेहद मुश्किल हो जाता है।

पत्रकारों को सनसनी से दूर रहकर, निष्पक्ष, संतुलित और जिम्मेदार पत्रकारिता करनी चाहिए। महिला कांग्रेस की अध्यक्ष मोनिका भारती ने कहा कि महिला सुरक्षा, महिलाओं के अधिकारों और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते समय पत्रकारों को विशेष संवेदनशीलता बरतनी चाहिए। पीड़िता की पहचान उजागर न करना, भाषा में मर्यादा रखना और दोनों पक्षों को सुनना ही सच्ची पत्रकारिता है। वरिष्ठ पत्रकार चमन कपूर, डीआर जोशी, मोहन सिंह वोकटपा, मनु शर्मा, कमलेश ठाकुर व नितिन शर्मा ने भी अपने विचार रखे। इंटरनेशनल प्रेस क्लब मनाली के अध्यक्ष जसवंत ठाकुर ने राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस में आने व पत्रकारों का मार्ग दर्शन करने के लिए सभी वक्ताओं का आभार जताया।

उन्होंने सभी पत्रकारों से आह्वान किया कि वे भ्रामक सूचनाओं के खिलाफ जागरूकता फैलाएं और समाज को सही दिशा दिखाएं। इस अवसर पर थाना प्रभारी मुनीश शर्मा व डीजीएम बीएस ओक्टा सहित समस्त विभागों के अधिकारी व विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें