Last Updated: October 31, 2026

Dainik Savera Times Logo

कुल्लू के कठियारी गांव में डाक विभाग का एक्सटेंशन काउंटर शुरू, अब घर-द्वार पर मिलेंगी बैंकिंग सुविधाएं

October 31, 2026

कुल्लू के कठियारी गांव में डाक विभाग का एक्सटेंशन काउंटर शुरू, अब घर-द्वार पर मिलेंगी बैंकिंग सुविधाएं

सैंज (कुल्लू): ग्राम पंचायत रैला-द्वितीय के कठियारी गांव में डाक विभाग ने ग्रामीणों की सुविधा के लिए एक्सटेंशन काउंटर शुरू कर दिया है। इस सुविधा के शुरू होने से अब कठियारी सहित आसपास के गांवों के लोगों को डाक विभाग से संबंधित सेवाओं के लिए दूर-दराज के डाकघरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। ग्रामीणों को गांव में ही बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। एक्सटेंशन काउंटर का विधिवत शुभारंभ ग्राम पंचायत रैला-द्वितीय के प्रधान डावेराम राणा ने किया।

शुभारंभ के अवसर पर ही ग्रामीणों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि का भुगतान किया गया। इससे बुजुर्गों, महिलाओं, पेंशनधारकों और किसानों में खुशी देखने को मिली। ग्रामीण लंबे समय से क्षेत्र में डाक विभाग की सेवाएं उपलब्ध करवाने की मांग कर रहे थे। ऐसे में यह पहल ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है।

डाक विभाग शाखा डाकघर के शाखा डाकपाल मोहर सिंह ने बताया कि कठियारी में प्रत्येक बुधवार को एक्सटेंशन काउंटर संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डाक विभाग अब केवल चिट्ठियों और पार्सल के आदान-प्रदान तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग और आर्थिक सुविधाएं पहुंचाने में भी अहम भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने बताया कि डाक विभाग के माध्यम से इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, बचत खाता, आवर्ती जमा (आरडी), सावधि जमा (टीडी), मासिक आय योजना, वरिष्ठ नागरिक बचत योजना, सुकन्या समृद्धि योजना तथा डाक जीवन बीमा जैसी विभिन्न योजनाओं का लाभ लिया जा सकता है। इसके अलावा आधार आधारित भुगतान प्रणाली (AEPS) के माध्यम से पात्र खाताधारक आधार और बायोमेट्रिक सत्यापन द्वारा बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं। सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली राशि के भुगतान सहित विभाग की अन्य उपलब्ध सेवाएं भी लोगों को प्रदान की जाएंगी।

इस एक्सटेंशन काउंटर के शुरू होने से ग्रामीणों के समय और आने-जाने के खर्च की बचत होगी। विशेषकर बुजुर्गों और दूरस्थ गांवों में रहने वाले लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। ग्रामीणों ने डाक विभाग की इस पहल का स्वागत करते हुए विभाग का आभार जताया। इस मौके पर डाक वाहक कुरमे राम, उपप्रधान मोती राम कटबाल, पूर्व उपप्रधान भगत राम, वार्ड सदस्य देव राज, ठाकुर दास सहित अन्य ग्रामीण और वार्ड सदस्य मौजूद रहे।

📍 Location: Kullu (Kullu)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें