Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

कन्या पाठशाला की चार छात्राओं का राज्य स्तरीय “हिम स्पर्धा” प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन, सोलन में मंडी जिला का करेंगी प्रतिनिधत्व

October 24, 2024

कन्या पाठशाला की चार छात्राओं का राज्य स्तरीय “हिम स्पर्धा” प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन, सोलन में मंडी जिला का करेंगी प्रतिनिधत्व

जोगिंदर नगर(राजीव बहल) : पीएम श्री राजकीय आदर्श कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जोगिंद्रनगर की चार होनहार छात्राओं अपूर्वा, कशिश ठाकुर, अनामिका ठाकुर और आनवी ठाकुर की शोध प्रस्तुति को राज्य स्तरीय “हिम स्पर्धा” प्रतियोगिता के लिए चुना गया है। यह प्रतियोगिता “एक भारत श्रेष्ठ भारत” अभियान के अंतर्गत आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य भारत के विभिन्न क्षेत्रों की विशेषताओं और सांस्कृतिक धरोहरों को उजागर करना है।

कक्षा 10+1 की छात्राएं अपूर्वा और कशिश ठाकुर ने एशिया के एकमात्र ट्राली ट्रैक, जो शानन से बरोट तक फैला है, पर एक अनूठा शोध कार्य प्रस्तुत किया। उन्होंने इस ऐतिहासिक ट्रैक के महत्व, इसके निर्माण, और इसके क्षेत्रीय व पर्यटन संबंधी प्रभावों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। इनका यह शोध कार्य मंडी डाइट में प्रस्तुत किया गया था, जहां इसे उच्च प्रशंसा मिली। दूसरी ओर, कक्षा 10+2 की छात्राएं अनामिका ठाकुर और आनवी ठाकुर ने जोगिंद्रनगर के प्रसिद्ध हर्बल गार्डन और वनस्पति संग्रहालय पर शोध कार्य किया। उन्होंने इस संग्रहालय की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, वनस्पति विविधता, और औषधीय पौधों के महत्व को अपने शोध के माध्यम से प्रस्तुत किया।

उनकी यह प्रस्तुति भी मंडी डाइट में जिला स्तर पर श्रेष्ठ मानी गई। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में इन चारों छात्राओं की शोध प्रस्तुतियों को सर्वश्रेष्ठ माना गया। मंडी डाइट ने इनके शोध कार्य को इतिहास और क्षेत्रीय महत्व के विषय पर आधारित होने के कारण इसे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए एससीईआरटी सोलन को भेजा है। इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉक्टर सुनील ठाकुर ने छात्राओं और उनके गाइड प्राध्यापक विनोद गुलरिया को हार्दिक बधाई दी।

उन्होंने कहा कि यह छात्राओं की कड़ी मेहनत और मार्गदर्शन का परिणाम है कि उनकी शोध प्रस्तुति को जिला स्तर पर इतना सम्मान मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये छात्राएं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी इसी तरह का उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगी और विद्यालय का नाम रोशन करेंगी। गाइड प्राध्यापक विनोद गुलरिया ने भी छात्राओं के प्रयासों की सराहना की और कहा कि वे अपने शोध कार्य को और भी निखारने के लिए पूरी तैयारी कर रहे हैं ताकि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी उन्हें सफलता मिले।

अभी तक “हिम स्पर्धा” प्रतियोगिता के अंतर्गत इन चारों छात्राओं की मेहनत और समर्पण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है, और अब सभी को उम्मीद है कि राज्य स्तर पर भी वे अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें